Una News:सूखा-गीला कचरा अलग-अलग नहीं दिया तो लगेगा जुर्माना – A Fine Will Be Imposed If Dry And Wet Waste Are Not Handed Over Separately
नगर निगम शहर के सभी 17 वार्डों में करवाएगी सर्वेक्षण
घरों और दुकानों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था जांचेगा निगम
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अब नगर निगम सख्ती करने की तैयारी में है। घरों और दुकानों से सूखा व गीला कचरा अलग-अलग नहीं देने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम जल्द ही शहर के सभी 17 वार्डों में सर्वेक्षण करवाएगी।
सर्वेक्षण के दौरान घरों, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कचरा अलग-अलग रखने और नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को सौंपने की व्यवस्था की जांच होगी। स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम शहर के सभी वार्डों में घर-घर जाकर कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लेगी। इसमें देखा जाएगा कि कितने घरों और दुकानों में सूखे व गीले कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था अपनाई जा रही है।
सर्वेक्षण के माध्यम से नियमों का पालन नहीं करने वाले लोगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की पहचान की जाएगी। इसके बाद उन्हें नियमों का पालन करने के निर्देश देने के साथ निर्धारित प्रावधानों के तहत जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की इस पहल से शहर में कचरे के ढेर, अव्यवस्थित निस्तारण और गंदगी की समस्या पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है। अब सर्वेक्षण के बाद यह स्पष्ट होगा कि शहर में कितने लोग कचरे को अलग-अलग देने के नियम का पालन कर रहे हैं और कहां सुधार की जरूरत है। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था भी होगी मजबूत नगर निगम शहर में घर-घर से कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था को भी मजबूत करने की तैयारी में है।
इसके लिए सफाई व्यवस्था की निगरानी और कचरा संग्रहण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। निगम का प्रयास है कि शहर में निकलने वाला कचरा निर्धारित तरीके से एकत्र हो और उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
कोट
शहर में स्वच्छता को लेकर नगर निगम गंभीर है। सूखा व गीला कचरा अलग-अलग न देने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जल्द ही सर्वेक्षण भी करवाया जाएगा। -पृथी पाल सिंह, आयुक्त नगर निगम ऊना
वालाें → वालों (स्तर 2: गलत मात्रा/अनुस्वार)
