यूपी बोर्ड:परीक्षा केंद्रों का होगा भौतिक सत्यापन, गठित होंगी टीमें – Up Board: Physical Verification Of Examination Centers To Be Conducted; Teams Will Be Formed
बुलंदशहर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कवायद तेज कर दी है। जिले में परीक्षा के लिए निर्धारित किए गए 112 केंद्रों का अब भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से टीमें गठित की जा रही हैं। टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी। परीक्षा से पहले कमियों को दुरुस्त कराया जाएगा।
इस बार जिले में हाईस्कूल के 45,698 और इंटरमीडिएट के 41,192 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। इस तरह कुल 86,890 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विभाग केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा है।
भौतिक सत्यापन के दौरान परीक्षा कक्षों में बैठने की क्षमता, फर्नीचर, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, बिजली और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था जांची जाएगी। इसके अलावा स्ट्रांग रूम, सुरक्षा इंतजाम और केंद्रों पर प्रवेश व निकास के रास्तों का भी निरीक्षण होगा। यह भी देखा जाएगा कि परीक्षा केंद्र माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के भौतिक सत्यापन के लिए टीमों का गठन किया जा रहा है। टीमें केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देंगी।
