सिवानी मंडी। बिधवान की चौपाल से कांग्रेस नेताओं ने वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सरकार पर तीखे हमले किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोहारू विधायक राजबीर सिंह फरटिया ने की।
संजय दत्त ने कहा कि भाजपा सरकार वोट चोरी से सत्ता में आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मित्र हजारों करोड़ रुपये लेकर देश से भाग गए, लेकिन सरकार उन्हें वापस लाने में नाकाम रही। वहीं, किसान की एक किस्त बकाया होने पर कार्रवाई की जाती है। सरकार के वादे अधूरे हैं और महंगाई से जनता परेशान है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी के पंजाब, बिहार और विदेश दौरों पर भी निशाना साधा।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश में जुमलेबाजी की सरकार चल रही है। 2014 में 15 लाख रुपये, 2019 में पुलवामा और 2024 में वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा सत्ता में आई। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे का भी जिक्र किया। नेताओं ने दिल्ली रैली में लोहारू की पीली पगड़ियों की गूंज का उल्लेख किया। इस दौरान मास्टर कृष्ण वर्मा और मास्टर राजपाल सिंघानी ने भी लोगों को संबोधित किया।