Mahendragarh-narnaul News:अब गेहूं की फसल में भी किसानों को मिलेगा सस्ता खाद का सहारा – Now, Farmers Will Also Have Access To Affordable Fertilizer For Their Wheat Crops
नारनौल। खेती की बढ़ती लागत और महंगे कृषि संसाधनों के कारण किसानों के लिए फसल उत्पादन करना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। किसानों को कम खर्च में बेहतर उत्पादन के विकल्प उपलब्ध कराने के लिए सामाजिक संस्था आर्यावर्त सेवा न्यास ने नई पहल की है।
सरसों की फसल में उत्साहजनक परिणाम मिलने के बाद अब संस्था ने गेहूं उत्पादक किसानों को भी विशेष फॉस्फेट उर्वरक सब्सिडी पर देने का फैसला किया है। इसके तहत किसानों को 1000 बैग उर्वरक उपलब्ध करवाए जाएंगे।
संस्था के संस्थापक विनीत पिलानिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य किसानों की खेती की लागत कम करने में मदद करना और फसल की गुणवत्ता में सुधार लाना है। इसके साथ ही मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और किसानों को खेती के बेहतर विकल्पों के प्रति जागरूक करना भी संस्था की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि सरसों की फसल में इस उर्वरक के अच्छे परिणाम सामने आए हैं। इसी को देखते हुए अब गेहूं की खेती करने वाले किसानों को भी इसका लाभ देने का निर्णय लिया गया है।
संस्था के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार सुदल कुमार ने बताया कि सरसों की फसल में विशेष फॉस्फेट उर्वरक के इस्तेमाल से बीजों का अंकुरण तीन से चार दिनों में होने, पौधों में अच्छी हरियाली और पत्तियों के बेहतर विकास जैसे परिणाम देखने को मिले हैं। इसके अलावा पौधों की सफेद जड़ों का विकास भी मजबूत पाया गया।
उन्होंने बताया कि उर्वरक के प्रयोग से पौधों में क्लोरोफिल की मात्रा और पोषक तत्वों को ग्रहण करने की क्षमता में भी सुधार देखा गया। साथ ही प्रतिकूल मौसम और लवणीय पानी के कारण होने वाले तनाव को सहन करने में भी सकारात्मक प्रभाव मिलने का दावा किया गया है।
विनीत पिलानिया और सुदल कुमार ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसान इस पहल से जुड़ें और खेती में कम लागत के साथ बेहतर परिणाम हासिल कर सकें।
