रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भिवानी

Bhiwani News:ग्रामीण चौकीदारों का एलान, मांगें पूरी कराने के लिए दिल्ली में करेंगे मार्च – Rural Watchmen Announce They Will March To Delhi To Get Their Demands Met

November 23, 2026


भिवानी। ग्रामीण चौकीदारों को पक्का करने, 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन और 21 हजार रुपये मासिक पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग को लेकर भिवानी के ग्रामीण चौकीदार एक से तीन दिसंबर तक दिल्ली में होने वाले मार्च में शामिल होंगे। यह मार्च सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के आह्वान पर किया जाएगा।

इस संबंध में हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा भिवानी की बैठक जिला प्रधान जयपाल धीरवान बास की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन जिला प्रधान संजीत सिंह ने किया। सीटू के जिला सचिव कामरेड अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में मजदूरों और कर्मचारियों का शोषण बढ़ रहा है। सरकार 45वें श्रम सम्मेलन की मजदूर हितैषी सिफारिशों को लागू नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन सिफारिशों में समान काम के लिए समान वेतन, स्थायी काम के लिए स्थायी रोजगार और उचित न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने की बात कही गई है। इसके बावजूद सरकार महंगाई के अनुरूप न्यूनतम वेतन लागू करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार लेबर कोड लागू कर मजदूरों और कर्मचारियों के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। इन नीतियों के चलते ग्रामीण चौकीदारों में लगातार रोष बढ़ रहा है, जिसका असर दिल्ली में होने वाले मार्च में दिखाई देगा। उन्होंने सभी ग्रामीण चौकीदारों से अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल होकर अपनी मांगें मजबूती से सरकार के सामने रखने का आह्वान किया। बैठक में संजीत सिंह, जयपाल, भगत सिंह, दीपक, मान सिंह, धर्मवीर और अरुण सहित अनेक ग्रामीण चौकीदार मौजूद रहे

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X