रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
दंतेवाड़ा में खदान का मलबा धंसने से मार्ग बाधित:जन-जीवन प्रभावित, जांच के लिए बुलाई गई आईआईटी टीम – Dantewada Bailadila Mine Debris Landslide Road Blocked Iit Investigation
बीजापुर

दंतेवाड़ा में खदान का मलबा धंसने से मार्ग बाधित:जन-जीवन प्रभावित, जांच के लिए बुलाई गई आईआईटी टीम – Dantewada Bailadila Mine Debris Landslide Road Blocked Iit Investigation

November 23, 2026


dantewada bailadila mine debris landslide road blocked iit investigation

सांकेतिक तस्वीर

विस्तार

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में किरंदुल स्थित बैलाडीला की पहाड़ियों में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम के डिपॉजिट-14 एमएल क्षेत्र में खदान का मलबा खिसकने से बड़ा हादसा सामने आया है। बीते दो-तीन दिनों से दशकों पुराने खनन मलबे और अवशेषों के लगातार धंसने के कारण लोहागांव-किरंदुल मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। लाल मिट्टी और बड़े पत्थरों के नीचे खिसकने से आसपास के घने वन क्षेत्र और लोहागांव के पास स्थित गांवों में भारी चिंता फैल गई है। सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्र में आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।

सड़क संपर्क बाधित और जनजीवन प्रभावित

पहाड़ी क्षेत्र में गहरी और चौड़ी दरारें पड़ने के कारण बड़े पैमाने पर धंसाव की आशंका गहरा गई है। मिट्टी और पत्थरों का खिसकना पूरी तरह न थमने से लोहागांव और किरंदुल के बीच संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है। मुख्य मार्ग ठप होने से स्थानीय निवासियों और आदिवासी समुदायों की रोजमर्रा की गतिविधियों, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच तथा आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। लोहागांव-किरंदुल मार्ग के पूरी तरह कट जाने से आसपास के गांवों में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में गहरा असंतोष और आक्रोश देखा जा रहा है।

एनएमडीसी का पक्ष और आईआईटी विशेषज्ञों की मदद

दूसरी ओर राष्ट्रीय खनिज विकास निगम प्रबंधन ने इस धंसाव को प्राकृतिक कारणों से जुड़ी घटना करार दिया है। निगम के अनुसार खिसका हुआ मलबा किसी वर्तमान खनन कार्य से संबंधित नहीं है। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आसपास के गांवों में किसी प्रकार की जनहानि, चोट या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। सड़क पर जमा मलबे और पत्थरों को हटाने के लिए भारी मशीनरी तैनात की गई है। इसके अलावा स्थल के भू-तकनीकी आकलन तथा घटना की परिस्थितियों की जांच के लिए आईआईटी रुड़की और आईआईटी मुंबई के विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है, जो स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी।

पर्यावरण और वन्यजीवों के नुकसान की आशंका

खनन अपशिष्ट के धंसाव से विशाल वन क्षेत्र को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय आकलनों के मुताबिक प्रभावित दायरा दो से 10 किलोमीटर तक फैला हो सकता है, जिसके कारण हजारों पेड़ मलबे के नीचे दब गए हैं। पर्यावरणविदों ने चिंता जताई है कि लाल कीचड़ और मलबे के नीचे जमीन पर रहने वाले जीव-जंतु, कीट और दुर्लभ पैंगोलिन जैसे वन्यजीव दबे हो सकते हैं। इस पूरी घटना ने चेक-डैम की निर्माण तकनीक, ठेकेदारों की निगरानी व्यवस्था और खनन क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के नियमित ऑडिट पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X