Rudraprayag News:अस्पताल पहुंचने वाली सड़क बदहाल, गड्ढों से मरीज परेशान – Road Leading To The Hospital Is In Poor Condition; Patients Troubled By Potholes
शंकराचार्य कोटेश्वर अस्पताल के 300 मीटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, स्थायी मरम्मत की मांग
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिला चिकित्सालय की इकाई शंकराचार्य कोटेश्वर अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क खस्ताहाल बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं और कई स्थानों पर सड़क उखड़ चुकी है। इस कारण अस्पताल तक 300 मीटर हिस्से में आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों, चिकित्सकों, कर्मचारियों के साथ ही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारी सौरभ पुरोहित ने कहा कि इस सड़क से प्रतिदिन एंबुलेंस की आवाजाही होती है। गड्ढों के कारण एंबुलेंस में मरीजों को हिचकोले खाते हुए अस्पताल तक पहुंचना पड़ता है। गौरव रावत ने बताया कि सड़क खराब है। वहीं अस्पताल में तैनात पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के संबंध में लोक निर्माण विभाग को पहले ही सूचना दी गई थी। इसके बाद विभाग की ओर से गड्ढों में भरान तो कराया गया लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। वहीं लोनिवि के सहायक अभियंता ओमप्रकाश चंद्रा ने बताया कि इस मार्ग को सुधारने के लिए इसे जिला योजना में प्रस्तावित किया जाना है और गड्ढों का भरान कार्य शीघ्र होगा।
