सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव आमगांव निवासी सेना के नायक अंकुश का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह बदायूं पहुंचा। इसके बाद दातागंज तिराहे स्थित डिपॉल स्कूल से फूलों से सजे सैन्य वाहन में रखकर अंतिम यात्रा शुरू हुई। करीब पांच किलोमीटर तक चली यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। रास्ते भर भारत माता की जय और अंकुश अमर रहें के नारे गूंजते रहे। हरियाणा के हिसार में सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान हुए हादसे में उनकी जान चली गई।
सोमवार को जब उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर पैतृक गांव आमगांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मां बेटे की अर्थी के पीछे दौड़ पड़ीं, पत्नी पूजा रोते-रोते बेसुध हो गईं और पिता आदेश कुमार अपने आंसू नहीं रोक सके। जिस बेटे को देश सेवा के लिए सेना में भेजा था, उसे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई देनी पड़ी। लोगों ने पुष्प अर्पित कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।