बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब शादी से एक दिन पहले सड़क हादसे में घायल पिता सीताराम (58) की जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिवार ने पोस्टमार्टम से पहले रविवार को गमगीन माहौल में बेटी की शादी की रस्म पूरी कराई।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पल्टू निवासी सीताराम शुक्रवार को ठेकमा स्थित यूनियन बैंक से रुपये निकालकर साइकिल से सड़क पर आए थे। इसी दौरान पीछे खड़ी पिकअप और सामने से आ रहे चार पहिया वाहन के बीच उनकी साइकिल फंस गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें वाहन के नीचे से बाहर निकाला। उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीताराम के दो लड़के और तीन लड़कियां हैं।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सीताराम की मौत हो गई। उनकी बेटी की शादी आज रविवार को होनी थी। परिवार ने पोस्टमार्टम से पहले ही शादी की रस्म पूरी करने का फैसला किया। यह शादी पूरे परिवार के लिए गमगीन माहौल में संपन्न हुई। बरदह थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।