Ambala News:अश्लील तस्वीर वायरल करने और धमकी देने के मामले में आरोपी बरी – Accused Acquitted In Case Of Viral Obscene Picture And Threat
अंबाला। अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठने तथा पीछा करने के मामले में अदालत ने फैसला सुनाया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हितेश गर्ग की अदालत ने नारायणगढ़ के योगिंदर सिंह को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया है।
सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता महिला अपने पूर्व के बयानों से मुकर गई, जिससे अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में विफल रहा। महिला थाना अंबाला में 20 अगस्त 2025 को एक नवविवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि 17 अगस्त 2025 को शादी के बाद योगिंदर सिंह उसे लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था।
पीड़िता ने बताया कि शादी से पहले जब वह शहजादपुर के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी, तब आरोपी उसका पीछा करता था। उसने ब्लैकमेल कर तीन से चार लाख रुपये ऐंठे थे। यह रकम उसने विदेश में रहने वाले पति से मंगवाकर आरोपी को दी थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर योगिंदर को गिरफ्तार किया था।
