हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान शहीद हुए भाज्जू गांव के लांस नायक मनीष का पार्थिव शरीर सोमवार को गांव पहुंचा तो हर आंख नम हो गई। तिरंगे में लिपटे पति के अंतिम दर्शन करते ही पत्नी बुलबुल बिलख पड़ीं। वह बार-बार बेसुध होती रहीं। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। गांव के लोग भी अपने लाल को अंतिम विदाई देने पहुंचे। सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया।
मेरठ कैंट में सैन्य प्रक्रिया पूरी होने के बाद मनीष का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भाज्जू लाया गया। शव पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार की महिलाओं की चीत्कार से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।
तिरंगे में लिपटे पति को देख बेसुध हुईं बुलबुल
मनीष का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो पत्नी बुलबुल खुद को संभाल नहीं सकीं। पति को तिरंगे में लिपटा देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगीं और बार-बार बेहोश हो गईं। परिवार के अन्य सदस्यों की आंखें भी नम थीं। गांव के लोग इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहे।
यह भी पढ़ें: यूपी: शुकतीर्थ पहुंचते ही कल्याण देव में लीन हुए आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सेवा कार्यों को किया याद