रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ballia News:शहीद बदन यादव की शहादत को मिला सम्मान, गांव में बना स्मारक द्वार – Martyr Badan Yadavs Sacrifice Honored Memorial Gateway Built In His Village
बलिया

Ballia News:शहीद बदन यादव की शहादत को मिला सम्मान, गांव में बना स्मारक द्वार – Martyr Badan Yadavs Sacrifice Honored Memorial Gateway Built In His Village

November 23, 2026


Martyr Badan Yadavs sacrifice honored memorial gateway built in his village

इंद्रपुर क्षेत्र के असनवार गांव में शहीद बदन यादव के स्मारक के उद्घाटन समारोह में उप​स्थित रमेश

इंदरपुर। लेह-लद्दाख में ऑपरेशन लियोपोल्ड के दौरान शहीद हुए भारतीय सेना के जवान स्व. बदन यादव की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को उनके पैतृक गांव असनवार में नवनिर्मित ‘शहीद बदन यादव स्मारक द्वार’ का लोकार्पण किया गया। विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि (2025-26) से बने इस द्वार का उद्घाटन सीएसआईएएल के निदेशक व दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के अनुज रमेश सिंह ने फीता काटकर किया। लोकार्पण के साथ ही गांव ‘शहीद बदन यादव अमर रहें’ के जयकारों से गूंज उठा।

लोकार्पण के बाद रमेश सिंह ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवारजनों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम पूछा। उल्लेखनीय है कि असनवार निवासी बदन यादव 22 नवंबर 2022 को लेह-लद्दाख में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत ‘बैटल कैजुअल्टी’ सम्मान प्रदान किया गया था।

गांव के मुख्य मार्ग पर निर्मित इस स्मारक द्वार पर शहीद का नाम अंकित किया गया है, ताकि हर आने-जाने वाला व्यक्ति उनके बलिदान का स्मरण कर सके। रमेश सिंह ने कहा कि बदन यादव जैसे वीर सपूतों के बलिदान से ही देशवासी सुरक्षित और चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने कहा कि यह द्वार महज ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति और साहस की प्रेरणा है। रमेश सिंह ने बताया कि शहीदों व सैनिकों के सम्मान के प्रति सदैव समर्पित रहे दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की प्रेरणा से यह निर्माण संभव हो सका है और शहीद परिवार का सम्मान सभी का दायित्व है।

इस अवसर पर समाजसेवी उमेश पांडेय, सुरेश यादव, रामअधार यादव, मोतीचंद यादव, हासिम और मुन्ना यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, पूर्व सैनिक व युवा उपस्थित रहे और सभी ने शहीद को नमन किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X