Noida News:घरेलू सिलिंडर फटा, पिता-पुत्र की मौत, बहू-पोता झुलसे – Domestic Gas Cylinder Explodes; Father And Son Killed, Daughter-in-law And Grandson Sustain Burns
– दयानतपुर गांव में सोमवार देर शाम हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जेवर कोतवाली क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सोमवार देर शाम एलपीजी सिलिंडर के फटने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि बहू और दो वर्षीय पोता गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य घरेलू कामकाज कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के दौरान बिजली की लाइन में हुई स्पार्किंग से आग भड़कने की बात सामने आई है। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पड़ोसियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। घायलों का जेवर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान वीरपाल (56) और बेटे अभिषेक (24) के रूप में हुई है। वहीं, अभिषेक की पत्नी काजल (23) और उनका दो वर्षीय बेटा आदित्य हादसे में झुलस गए। आग की चपेट में आने से मां-बेटे के चेहरा झुलस गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक वीरपाल खेती-किसानी करते थे और परिवार के साथ दयानतपुर गांव में रहते थे। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे वह बेटे अभिषेक और बहू काजल के साथ घर में थे। इसी दौरान घर में रखे एलपीजी सिलिंडर से गैस का रिसाव होने लगा। कुछ ही देर में आग भड़क उठी और सिलिंडर में तेज धमाका हो गया। आग की चपेट में आने से परिवार के चार सदस्य झुलस गए। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। परिजन घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने वीरपाल और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
बिजली की स्पार्किंग से भड़की आग
सीएफओ प्रदीप चौबे के मुताबिक घर में रखे सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान बिजली की लाइनों में स्पार्किंग हुई और चिंगारी से गैस ने आग पकड़ ली। आग की चपेट में दूसरा सिलिंडर भी आ गया। देखते ही देखते दोनों सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। घटनास्थल पर बिजली की वायरिंग भी जली हुई मिली है। आग लगने के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस सिलिंडर में धमाके के कारणों की जांच कर रही है।
