हस्तिनापुर। जनसंघ एवं भाजपा के पूर्व विधायक बुधप्रकाश निडर के पौत्र एवं भाजपा कार्यकर्ता रोहित बालाजी ने आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा कि यदि भाजपा हाईकमान ने उन्हें हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया तो वह महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आएंगे। उन्होंने सोमवार को मखदूमपुर गंगा मेले में पत्रकार वार्ता यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हस्तिनापुर उनकी कर्मस्थली है और वह इसी क्षेत्र से चुनाव लड़कर जनता की सेवा करना चाहते हैं। रोहित बालाजी ने कहा कि उनका परिवार चौथी पीढ़ी से भाजपा से जुड़ा हुआ है। उनके दादा को भी पार्टी ने पहले चुनाव लड़ाया था और परिवार पर विश्वास जताया था। अब वह भी पार्टी के प्रति उसी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश उन्हें टिकट नहीं मिलता है, तब भी वह भाजपा के साथ ही रहेंगे और पार्टी के निर्देशानुसार प्रत्याशी को जिताने के लिए प्रचार करेंगे। पार्टी का जो भी आदेश होगा, उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।