एमपी:युवती की मौत के बाद शव रखकर प्रदर्शन, आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़े परिजन – Protest Held With The Body Of A Deceased Young Woman; Demand Raised For The Arrest Of The
पर्यटन नगरी मांडू में 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद गुरुवार को परिजनों ने मुख्य चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने चंदन सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। करीब दो घंटे तक चले धरने के दौरान परिजनों ने आरोपी को हिरासत में लेने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही। प्रशासन की ओर से पांच दिन में कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद धरना समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जामनिया के वार्ड क्रमांक 12 निवासी सोनाली पिता शिवराम की गुरुवार को एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद परिजन मांडू के मुख्य चौराहे पर पहुंचे और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ उसे फांसी की सजा देने की मांग की।
पढे़ं: 55 दिन से टेंट में विराजमान खड़े हनुमान, रात में स्कैनिंग करने पहुंचा प्रशासन, भक्तों में आक्रोश
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंदर सिंह रावत, उपनिरीक्षक भेरू सिंह देवड़ा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बाद में एसडीएम राजकुमार हलदार, नायब तहसीलदार आशीष राठौर और राहुल गायकवाड़ ने भी परिजनों से चर्चा की। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
सोनाली के पिता शिवराम ने आरोप लगाया कि चंदन, उसकी मां और पत्नी ने सोनाली को घर बुलाकर डराया-धमकाया था। पिता ने इसी घटना के बाद सोनाली द्वारा आत्महत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में चंदन पिता मोहन, राधिका पति चंदन और सुमन बाई पति मोहन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
एसडीएम राजकुमार हलदार ने बताया कि पीड़ित परिवार से चर्चा कर धरना समाप्त करवाया गया है। पुलिस को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी इंदर सिंह रावत के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। वहीं, एसडीएम ने पटवारी को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं। यदि सरकारी जमीन पर निर्माण से संबंधित तथ्य सामने आते हैं, तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
