रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Lalitpur News:कंपनी बाग के आधे हिस्से का संचालन अब निजी संस्था के हाथों में – Management Of Half Of Company Bagh Is Now In The Hands Of A Private Entity
ललितपुर

Lalitpur News:कंपनी बाग के आधे हिस्से का संचालन अब निजी संस्था के हाथों में – Management Of Half Of Company Bagh Is Now In The Hands Of A Private Entity

November 23, 2026


ललितपुर। ब्रिटिश हुकूमत के दौर में बने ऐतिहासिक कंपनी बाग के आधे हिस्से का संचालन अब निजी संस्था के हाथों में चला गया है। आजादी के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आजाद के नाम पर रखे गए इस उद्यान को दस साल के लिए 35 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया गया है। निजी संस्था यहां सुविधाएं विकसित करने के साथ संचालन करेगी। ऐसे में पार्क में सैर-सपाटे से लेकर सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों तक के लिए शुल्क व्यवस्था लागू होने की संभावना है।

अब तक यह पार्क शहरवासियों के लिए सार्वजनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। लोग यहां सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने आते थे। सामाजिक संगठनों के कार्यक्रम, धरना-प्रदर्शन और अन्य सार्वजनिक गतिविधियां भी होती थीं। शादी-विवाह से जुड़े पारिवारिक आयोजनों की बातचीत के लिए भी लोग यहां जुटते थे। अब पार्क का संचालन निजी संस्था को सौंपे जाने के बाद इन गतिविधियों के लिए शुल्क देना पड़ सकता है। इससे शहरवासियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका है।

————————————–

कैंटीन, झूले और आधुनिक लाइटों से संवरेगा परिसर

उद्यान विभाग के अनुसार, पार्क की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद संबंधित संस्था ने परिसर को विकसित करने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल मिट्टी डलवाकर पार्क की ऊंचाई बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा परिसर में आधुनिक लाइटें, बच्चों के लिए झूले और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। खानपान के लिए कैंटीन भी बनाई जाएगी, जहां लोगों को विभिन्न व्यंजन मिल सकेंगे।

पार्क को दस साल के लिए 35 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया गया है। निजी संस्था इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल की तर्ज पर विकसित करेगी। हालांकि, पार्क में प्रवेश, टहलने और सामाजिक आयोजनों के लिए शुल्क कितना होगा, इस संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

—————————————————–

चंद्रशेखर आजाद उद्यान की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संस्था ने निर्माण और विकास कार्य शुरू करा दिया है। काम पूरा होने के बाद लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

राजेंद्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X