Lakhimpur Kheri News:एसएसबी में नौकरी का झांसा देकर ठगी, घर से जेवर चोरी का आरोप – Accused Of Cheating On The Pretext Of Job In Ssb, Theft Of Jewellery From Home
तिकुनिया। थाना सिंगाही क्षेत्र में एक महिला ने पुत्री को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर नकदी ठगने और घर से जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता वेदवती ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
वेदवती के अनुसार, बरसोला कलां निवासी एक नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पुत्री को एसएसबी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। करीब पांच माह पहले आरोपियों ने उससे 50 हजार रुपये नकद लिए। ऑनलाइन माध्यम से भी धनराशि प्राप्त की गई। पीड़िता ने यह रकम दीपक भट्ट से उधार लेकर आरोपियों को दी थी।
आरोप है कि बाद में दोनों आरोपी कागजात लेने के बहाने वेदवती के घर पहुंचे। इस दौरान वह दुकान पर सामान लेने गई तो आरोपियों ने कमरे से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इनमें सोने के हार, नथुनी, मांग टीका, बूंदी और पायल शामिल थे।
वेदवती के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने जेवर लौटाने का आश्वासन देकर पुलिस कार्रवाई न करने के लिए कहा। बाद में फोन पर जान से मारने और उसकी पुत्री को उठा ले जाने की धमकी दी। आरोप है कि 12 नवंबर 2026 को भी फोन पर कार्रवाई करने पर बर्बाद करने की बात कही गई। संवाद
