Raebareli News:काशी की तर्ज पर गंगा आरती के साथ डलमऊ का प्रांतीय मेला शुरू – Provincial Fair At Dalmau Begins With A Ganga Aarti, Modeled After The One In Kashi
रायबरेली। वाराणसी (काशी नगरी) की तर्ज पर गंगा आरती के साथ सोमवार को डलमऊ का प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेला शुरू हो गया। गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालु घाटों पर भजन-कीर्तन में लीन रहे। महाआरती की अद्भुत छटा देखने और मोबाइल में कैद करने के लिए युवाओं व श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। दूधिया रोशनी से जगमग डलमऊ के 16 गंगा घाटों का नजारा आकर्षण का केंद्र रहा। मंगलवार को करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
डलमऊ के वीआईपी घाट पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय, उनकी पत्नी नीलम पांडेय, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, डीएम सरनीत कौर ब्रोका, एसपी रवि कुमार और नगर पंचायत अध्यक्ष बृजेशदत्त गौड़ महाआरती में शामिल हुए। सबसे पहले पुरोहितों ने मां गंगा का पूजन किया। उन्हें मिष्ठान, पुष्प, फल और धूप-दीप अर्पित किए गए। इसके बाद शंखनाद के साथ महाआरती शुरू हुई। देशी घी के दीपों से मां गंगा की आरती कर गुणगान किया गया। खास बात यह रही कि काशी की तर्ज पर लेजर लाइट से आरती की गई। इसके लिए काशी से पुरोहित बुलाए गए थे।
इसके बाद मेला महोत्सव स्थल पर हवन-पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मां गंगा का दुग्धाभिषेक भी हुआ। महोत्सव में विभिन्न कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई है। कार्तिक पूर्णिमा पर जिले के अलावा लखनऊ, प्रतापगढ़, उन्नाव, सुल्तानपुर और अमेठी समेत कई जिलों से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। सोमवार देर रात तक डलमऊ के सभी घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट चुके थे। पक्का घाट, कच्चा घाट और रानी शिवाला समेत अन्य घाटों पर भीड़ रही। मेले के शुभारंभ पर एएसपी पवन गौतम और सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी मौजूद रहे।
बैलगाड़ियों से गंगा घाट पहुंचे श्रद्धालु
डलमऊ। समय के साथ भले ही आवागमन के साधन बदल गए हों, लेकिन कार्तिक पूर्णिमा मेले में बैलगाड़ियों से गंगा स्नान करने पहुंचने की परंपरा अब भी कायम है। रविवार रात से ही श्रद्धालु बैलगाड़ियों पर सवार होकर घाटों की ओर रवाना होने लगे। सड़कों पर बैलगाड़ियों और बैलों के गले में बंधे घुंघरुओं की आवाज ने मेले का उत्साह बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं का कहना था कि बैलगाड़ी से सफर कर कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने और मेले का आनंद लेने का अलग ही मजा है। सोमवार देर रात तक घाटों पर लाखों श्रद्धालु पहुंच चुके थे। चारों ओर जय गंगा मइया के उद्घोष गूंज रहे थे। (संवाद)
