Budaun News:दालों पर महंगाई ने बिगाड़ा बजट – Rising Prices Of Pulses Have Disrupted The Budget
बदायूं। महंगाई का असर लोगों की रसोई पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सब्जियों और खाद्य पदार्थों के बाद दालों की कीमतों में तेजी आने से आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। एक महीने में अरहर, चना और मटर की दाल के दाम में 20 से 40 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे घरों का मासिक बजट बिगड़ने लगा है।
नेहरु चौक स्थित व्यापारी कपिल कालरा ने बताया कि एक महीने पहले 120 रुपये प्रति किलो में बिकने वाली अरहर की दाल अब 160 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसी तरह चने की दाल 80 से बढ़कर 110 रुपये और मूंग की दाल 110 से बढ़कर 120 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
उड़द दाल के दाम भी 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। बड़ा बाजार के दुकानदार यस साहू का कहना है कि सीजन में दालों की मांग बढ़ने और आपूर्ति के मुकाबले उपलब्धता कम होने से कीमतों में तेजी आई है। त्योहारों के बाद भी दामों में राहत नहीं मिली है। थोक बाजार में कीमतें बढ़ने का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ रहा है।
महंगाई का असर केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है। मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए रोजमर्रा के भोजन में दाल की मात्रा और खर्च के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है कि बच्चों को पर्याप्त प्रोटीन देने के लिए दाल जरूरी है, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों के कारण अब खरीदारी से पहले भी बजट देखना पड़ रहा है।
गृहिणियां बोलीं- अन्य खर्चों में करनी पड़ रही कटौती
हर घरेलू चीज महंगी होने के बाद अब दालें भी महंगी होने लगी हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। महंगाई के कारण अब रसोई की दूसरी जरूरत की चीजों की खरीददारी में कटौती करनी पड़ रहा है। -तुमुल स्तोगी, मढई चौक
दालों में प्रर्याप्त मात्रा में प्रोटीन होता है। इसके कारण खाने में दाल को भी शामिल किया जाता है, लेकिन अब दाल खरीदने से पहले बजट को देखना पड़ रहा है। रसोई का पूरा बजट बिगड़ गया है। – स्वीटी गुप्ता, आवास विकास
दाल एक माह पहले अब
अरहर 120 160
चना 80 110
उड़द 120 140
मूंग 110 120
चना दाल 90 105
(नोट : जैसा कि स्थानीय दुकानदारों ने बताया।)

तुमुल स्तोगी, मढई चौक

तुमुल स्तोगी, मढई चौक
