Farrukhabad News:डंपर में फंस बाइक समेत 50 मीटर घिसटे पूर्व सैनिक, मौत – Ex-serviceman, Along With His Bike, Gets Trapped In A Dumper And Is Dragged For 50 Meters; Dies
फोटो- पोस्टमार्टम हाउस में राजकुमार राठौर के शोकाकुल पत्नी सरला देवी और परिजन। स्रोत: पाठक
– इटावा-बरेली हाईवे पर भाऊपुर के पास डंपर ने मारी टक्कर, लगा जाम
– सातनपुर में नवनिर्मित मकान को देखने जा रहे थे राजकुमार, परिजन बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। सातनपुर में नवनिर्मित मकान को देखने बाइक से आ रहे पूर्व सैनिक को इटावा-बरेली हाईवे पर भाऊपुर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। बाइक समेत पूर्व सैनिक डंपर में फंसकर 50 मीटर घिसटते रहे। इससे शरीर के निचले हिस्से के चीथड़े उड़ गए। भागने का प्रयास कर रहे चालक को सेंट्रल जेल चौकी पर पकड़ लिया गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर भीड़ जमा होने से करीब आधा घंटे तक जाम लगा रहा।
मोहम्मदाबाद थाने के गांव सूरजपुर निवासी राजकुमार राठौर (62) 2015 में चंडीगढ़ से सेना से रिटायर हुए थे। सेवाकाल में खरीदी बाइक से ही वह सोमवार दोपहर सातनपुर में बनवाए मकान को देखने आ रहे थे। बाइक जैसे ही भाऊपुर के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक ने डंपर नहीं रोका। लिहाजा करीब 50 मीटर शव घिसट गया। इससे पेट से नीचे का पूरे हिस्से के चीथड़े उड़ गए। बड़ी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर उसकी जेबों को देखा तो उसमें कागजात मिलने पर परिजनों को सूचना दी।
शव को मॉर्चरी भिजवा दिया। वहां पहुंची पत्नी सरला देवी रो-रो कर बेहाल हो गईं। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई सूबेदार, रामबहादुर हैं। रामबहादुर ने बताया कि घर में पुत्री रंजना, कंचन और पुत्र श्याम हैं। सातनपुर में बने अपने मकान को देखने व साफ सफाई करने जा रहे थे। सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
