रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:एमसीएच में एक ही बाल रोग विशेषज्ञ, ओपीडी प्रभावित – Only One Pediatrician At Mch; Opd Services Affected

November 23, 2026


मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के मातृ-शिशु अस्पताल (एमसीएच) में बाल रोग विशेषज्ञ की कमी से बच्चों के उपचार में दिक्कतें आ रही हैं। यहां एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ पर ओपीडी और वार्ड में भर्ती बच्चों के उपचार की जिम्मेदारी है। ऐसे में डॉक्टर के अवकाश पर होने या ओटी में व्यस्त रहने पर बाल रोग ओपीडी की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे बच्चों को उपचार दिलाने के लिए पहुंचने वाले अभिभावकों की परेशानी बढ़ रही है।

स्थिति यह है कि विशेषज्ञ की अनुपस्थिति में महिला स्वास्थ्य अधिकारी (एमओ) बच्चों की जांच करती हैं, लेकिन गंभीर और आपातकालीन मामलों में अभिभावकों को दूसरे अस्पताल का रुख करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें करीब 15 किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज नेरचौक जाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय अस्पताल की आर्थो, ईएनटी, मेडिसिन, दंत, गायनी और अल्ट्रासाउंड सहित अन्य प्रमुख ओपीडी में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाकर तीन-तीन कर दी गई है, लेकिन बच्चों के उपचार से जुड़ी ओपीडी अब भी एक ही विशेषज्ञ के सहारे चल रही है। इससे छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को नियमित जांच से लेकर आपातकालीन उपचार तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

मंडी शहर के राकेश कपूर, संजय शर्मा, चंपा शर्मा, ओपी कपूर, किरण कुमारी और सुखदेव सहित अन्य लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से एमसीएच में अतिरिक्त बाल रोग विशेषज्ञ तैनात करने की मांग उठाई है। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि अस्पताल की अन्य ओपीडी में अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती हुई है, लेकिन मातृ-शिशु अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में फिलहाल एक ही विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उच्चाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग से अतिरिक्त बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X