रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सोलन

Solan News:आशा वर्करें घर-घर जाकर करेंगी बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की जांच – Health News Solan

November 23, 2026


स्वास्थ्य विभाग की ओर से 28 फरवरी तक चलाया जाएगा विशेष अभियान

विभाग ने निमोनिया के प्रति एडवाइजरी की जारी, दिए जरूरी दिशा-निर्देश

संवाद न्यूज एजेंसी

सोलन। स्वास्थ्य विभाग ने निमोनिया को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान जिलेभर में 28 फरवरी 2027 तक नियमित रूप से चलाया जाएगा। इसके तहत अब जिले में 680 से अधिक आशा वर्कर घर-घर जाकर बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की जांच करेंगी। जांच के बाद सभी बच्चों की रिपोर्ट को स्वास्थ्य विभाग को सौंपेंगी। इसके लिए विभाग की ओर से सभी आशा वर्करों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

विभाग की ओर से निमोनिया के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए इस अभियान को शुरू किया गया है। बच्चाें की जांच करने के साथ अभिभावकों को निमोनिया के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। विभाग की ओर से निमोनिया के प्रति एडवाइजरी भी जारी की जाएगी। अभिभावकों को निमोनिया के प्रति दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही निमोनिया के लक्षण दिखने पर जल्द से जल्द चिकित्सकों की सलाह लेकर उपचार करने के लिए कहा जा रहा है। विभाग की ओर से अभियान को जिलेभर में शुरू कर दिया गया है।

इनसेट

क्या होता है निमोनिया

निमोनिया एक या दोनों फेफड़ों का संक्रमण है, जिसमें फेफड़ों की हवा की छोटी थैलियों में सूजन आ जाती है और उनमें तरल पदार्थ या मवाद भर जाता है। इससे सांस लेने में तकलीफ होती है और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलने में कठिनाई हो सकती है।

इनसेट

निमोनिया के लक्षण

निमोनिया होने पर सूखी या बलगम वाली खांसी हो सकती है। बलगम पीला, हरा या खून मिला हो सकता है। इसके अलावा तेज बुखार, पसीना आना, कंपकंपी, सांस फूलना, तेज-तेज सांस लेना, सांस लेते या खांसते समय सीने में चुभन या दर्द होना, अत्यधिक थकान, सुस्ती, भूख कम लगना, उल्टी या दस्त होना लक्षण हैं।

इनसेट

निमोनिया से बचाव के तरीके

न्यूमोकोकल वैक्सीन और सालाना फ्लू का टीका निमोनिया और उससे जुड़े संक्रमणों का जोखिम कम करता है। इसके अलावा कम से कम 20 सेकंड तक साबुन और पानी से हाथ धोएं या सैनिटाइजर का उपयोग करें, खासकर खाना खाने और शौचालय के बाद। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को टिश्यू या कोहनी से ढकें और बीमार लोगों से दूरी बनाए रखें। धूम्रपान छोड़ें।

कोट

विभाग की ओर से जिले में लोगों को निमोनिया के प्रति जागरूक करने और बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। यह अभियान 28 फरवरी 2027 तक नियमित रूप से चलाया जाएगा।

– डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग सोलन

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X