नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर में आम और खास का अंतर नहीं रहेगा। वीआईपी सहित किसी भी श्रद्धालु को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी भक्तों को निर्धारित व्यवस्था के तहत एक समान तरीके से मां के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां बगलामुखी के दर्शन और हवन-पूजन के लिए नलखेड़ा पहुंचते हैं। सामान्य दिनों में वीआईपी श्रद्धालुओं को प्रोटोकॉल के अनुसार सुविधाएं दी जाती हैं लेकिन नवरात्रि में सभी के लिए समान दर्शन व्यवस्था लागू रहेगी। मंदिर प्रबंधन समिति का प्रयास है कि भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को कम से कम परेशानी हो।
तीस मिनट में दर्शन का लक्ष्य
मंदिर समिति के अनुसार श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल से करीब 100 मीटर पैदल चलकर त्रिशूल मंडपम तक पहुंचना होगा। यहां चार कतारों के माध्यम से दर्शन की व्यवस्था बनाई जा रही है। समिति का दावा है कि भीड़ अधिक होने पर भी श्रद्धालुओं को लगभग आधे घंटे में मां के दर्शन कराने का प्रयास किया जाएगा। मंदिर के नजदीक स्थित पार्किंग स्थल पर वाहनों को निर्धारित क्षमता के अनुसार खड़ा कराया जाएगा। जगह भरने पर आसपास के चिन्हित स्थलों पर वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।