Bulandshahar News:ठंड के साथ बढ़ने लगी सीने में दर्द की समस्या – Chest Pain Issues Begin To Rise With The Onset Of Cold Weather
बुलंदशहर। जैसे-जैसे सर्दी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है वैसे ही मरीजों के सीने में दर्द की समस्या बढ़नी शुरू हो गई है। मेडिकल कॉलेज के नए चिकित्सालय भवन समेत अन्य निजी व सरकारी चिकित्सालयों में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
चिकित्सक मरीजों को सर्दी से बचाव एवं स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दे रहे हैं। सोमवार को नए चिकित्सालय भवन की इमरजेंसी में सीने में दर्द के तीन मरीज पहुंचे। नए चिकित्सालय भवन की इमरजेंसी में नगर निवासी महिला नाजरीन पति को घबराहट व सांस लेने में परेशानी होने पर उपचार कराने पहुंची। इमरजेंसी स्टाफ ने ऑक्सीजन लगाकर उपचार किया। राहत मिलने पर मरीज को घर भेज दिया।
कृष्णानगर निवासी सौरव व कोतवाली देहात क्षेत्र निवासी जमील अपने भाई के सीने में दर्द महसूस करने पर इमरजेंसी पहुंचे। सौरव ने बताया कि उनके भाई के सीने में कई दिनों से दर्द हो रहा है। उसे दिखाने के लिए आए तो चिकित्सक ने एक्सरे जांच कराने की सलाह दी। मेडिसिन विभाग के डॉ. चर्चित गुप्ता ने बताया कि सर्दी में अक्सर सर्दी-जुकाम की समस्या बढ़ जाती है।
समय पर उपचार न कराने पर बलगम जमने लगता है। ऐसे में जकड़न होने पर सीने में दर्द की समस्या बढ़ जाती है। इन दिनों छोटे बच्चों में निमोनिया की समस्या और अस्थमा मरीजों की सांस फूलने की समस्या होने लगी है।
