जयप्रकाश नगर। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के पैतृक गांव जयप्रकाशनगर के दलजीत टोला में सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची। दो दिन पूर्व गांव आए उपसभापति के सामने ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं को उठाया था, जिसे गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आलोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभय नारायण राय और जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अवनीश कुमार श्रीवास्तव ने गांव पहुंचकर ग्राम सचिवालय, प्रभावती देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और परिषदीय विद्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महिलाओं ने पात्र होने के बावजूद पेंशन नहीं बनने की शिकायत की। ग्रामीणों ने ग्राम सचिव संजय चौरसिया के सचिवालय में नियमित रूप से उपस्थित न रहने का मुद्दा भी उठाया, जिससे लोगों को योजनाओं और जरूरी कामों के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस पर सीडीओ ने ग्राम सचिव को कड़ी हिदायत दी कि वे नियमित रूप से ग्राम सचिवालय में बैठें और शिकायतों का समय से निस्तारण करें। उन्होंने पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टरों की कमी और स्कूल पर बिजली तार का मामला
प्रभावती देवी सीएचसी के निरीक्षण में ग्रामीणों ने बताया कि यहां तीन चिकित्सक तैनात हैं, लेकिन अक्सर एक ही डाक्टर रहते हैं। सीडीओ ने इस पर नाराजगी जताते हुए सभी चिकित्सकों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का निर्देश दिया। वहीं, परिषदीय विद्यालय के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार को लेकर विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर सीडीओ ने संबंधित विभाग को तार तत्काल हटवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद सीडीओ आलोक कुमार उपसभापति हरिवंश के आवास पहुंचे और उनके मोबाइल फोन पर वार्ता कर निरीक्षण में सामने आई समस्याओं व व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि पाई गई कमियों को शीघ्र दूर कराया जाएगा। अधिकारियों के इस दौरे से ग्रामीणों में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। इस दौरान दर्जनभर से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।