Udhampur News:बर्फबारी के इंतजार में सैलानी, कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद – Jammu Kashmir News
चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में इन दिनों सैलानियों की आमद उस तरह से नहीं है जिस तरह से होनी चाहिए। पटनीटॉप में जहां कारोबारियों को इस सीजन में बर्फबारी का इंतजार है, वहीं सैलानी भी पटनीटॉप के मौसम की जानकारी हासिल कर रहे हैं। हालांकि इस स्थल पर अभी तक सीजन का हिमपात नहीं हो पाया है लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बिगड़ने से पटनीटॉप समेत नत्थाटाॅप में ताजा हिमपात की उम्मीद जरूर लगी हुई है। पटनीटॉप के कारोबारी सतीश महाजन, फारूक तथा कमल ने बताया कि इन दोनों सैलानियों की आमद उस तरह से नहीं है जैसी होनी चाहिए। श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनार्थी पटनीटॉप की वादियों में पहुंच रहे हैं, लेकिन उनकी संख्या भी उस तरह से नहीं है जैसे होनी चाहिए। वीकेंड पर सैलानियों की आमद में थोड़ा इजाफा होता है मगर हर किसी की आंख ताजा हिमपात पर टिकी हुई है ताकि हिमपात के चलते पटनीटॉप जैसे पर्यटन स्थल में सैलानी पहुंच सकें और सैलानियों से यह स्थल गुलजार हो सके। इन कारोबारियों के मुताबिक हिमपात के बाद ही कारोबार में इजाफा होगा और हर कोई ताजा हिमपात के इंतजार में नजरे आसमान पर लगाए हुए हैं। उधर सैलानी भी फोन के जरिए पटनीटॉप के मौसम की जानकारी हासिल कर रहे हैं
