Kushinagar News:दुदही बना ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का चैंपियन – Dudahi Emerges As Champion Of The Block-level Sports Competition
गोड़रिया। गौरीश्रीराम स्टेडियम में सोमवार को आयोजित दुदही ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में दुदही की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीत लिया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन के दम पर टीम ने 86 अंक हासिल किए। चाफ की टीम 60 अंकों के साथ दूसरे और धर्मपुर पर्वत 39 अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी और विजेता टीमें 26 नवंबर को होने वाली जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
बीईओ अगनित कुमार गोंड ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता शुरू कराई। प्राथमिक स्तर की 50 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग से काजल और बालक वर्ग से शाहिद प्रथम रहे। 100 मीटर में हसनतारा और अरविंद, 200 मीटर में काजल और शैलेश तथा 400 मीटर में शिवानी और अरविंद ने बाजी मारी।
जूनियर स्तर की 100 मीटर दौड़ में सोनी और प्रिंस, 200 मीटर में संजना और प्रिंस तथा 400 मीटर में विद्या और विक्की ने पहला स्थान हासिल किया। 600 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग से सनम और बालक वर्ग से विक्की विजेता बने।
कबड्डी के प्राथमिक बालक वर्ग में चाफ खास और बालिका वर्ग में कोरया की टीम ने जीत दर्ज की। जूनियर बालक वर्ग में चाफ तथा बालिका वर्ग में दुदही की टीम विजेता रही।
खो-खो के प्राथमिक स्तर पर बालक और बालिका दोनों वर्गों में दुदही की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में दुदही और बालिका वर्ग में भगवानपुर की टीम ने खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व जिलामंत्री अभिमन्यु प्रसाद ने किया। पुरस्कार वितरण निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य सत्येंद्र उर्फ गुड्डू शुक्ल ने किया। निर्णायक मंडल में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक अमित श्रीवास्तव के साथ राजेश यादव, आफताब आलम, अमित कन्नौजिया, पुण्य प्रकाश गिरी, सुमंत यादव, प्रमिला प्रसाद और राजेश प्रसाद शामिल रहे। संचालन दुर्गेश सिंह ने किया।
इस दौरान अरुण कुमार, सुभाष यादव, अरुणेंद्र राय, रामनिवास जायसवाल, अशोक यादव, राजेश तिवारी, आशीष मिश्र, उदय सिंह, रवि गुप्ता, बांकेबिहारी लाल, मनोहर पटेल आदि मौजूद रहे।
