रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गुरुग्राम:एआई को धरातल पर उतारने की चुनौतियों पर विचार करेंगे विशेषज्ञ, 25 नवंबर को इनोस्केल-2026 सम्मेलन – Innoscale-2026 Conference Will Be Held In Gurugram On November 25
गुरुग्राम

गुरुग्राम:एआई को धरातल पर उतारने की चुनौतियों पर विचार करेंगे विशेषज्ञ, 25 नवंबर को इनोस्केल-2026 सम्मेलन – Innoscale-2026 Conference Will Be Held In Gurugram On November 25

November 24, 2026


आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अब कंपनियों के सामने इसे बड़े स्तर पर लागू करने की चुनौती है। कई संस्थानों ने एआई मॉडल, तकनीक और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश किया है, लेकिन पायलट प्रोजेक्ट से आगे बढ़कर वास्तविक व्यावसायिक उपयोग तक पहुंचने में कई तरह की बाधाएं सामने आ रही हैं। इन चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा के लिए 25 नवंबर को गुरुग्राम के द लीला एंबियंस में इनोस्केल-2026 सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

नैसकॉम के एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से आयोजित इस एक दिवसीय सम्मेलन की थीम एंटरप्राइज एआई : इनोवेशन टू इम्पैक्ट रखी गई है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के 250 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें कंपनियों के सीएक्सओ, तकनीकी प्रमुख, एआई समाधान विकसित करने वाली कंपनियां, डीप टेक स्टार्टअप, शिक्षाविद और नीति निर्माता शामिल होंगे।

सम्मेलन में हेल्थकेयर, रिटेल, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई चेन क्षेत्रों में एआई के इस्तेमाल पर अलग-अलग सत्र आयोजित होंगे। इनमें पुराने तकनीकी सिस्टम के साथ एआई को जोड़ने, डेटा सुरक्षा, डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के अनुपालन, नियामकीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और एआई के संचालन पर आने वाली लागत जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

नैसकॉम एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हेड एवं डायरेक्टर (टेक्निकल सॉल्यूशंस) सुधांशु मित्तल के अनुसार, किसी एआई प्रोजेक्ट को सीमित डेटा और छोटे स्तर पर सफल बनाना आसान है, लेकिन वास्तविक परिस्थितियों में इसे लागू करने पर डेटा की गुणवत्ता, पुराने सिस्टम, कर्मचारियों की कार्यशैली, नियमों के अनुपालन और लागत जैसी चुनौतियां सामने आती हैं। सम्मेलन में तकनीक विकसित करने वाली कंपनियों और उसका इस्तेमाल करने वाले संस्थानों को एक मंच पर लाया जाएगा।

कार्यक्रम में चुनिंदा कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष गोलमेज बैठक, स्टार्टअप के एआई समाधानों का प्रदर्शन और इनोवेशन शोकेस भी आयोजित होगा। इसमें चयनित स्टार्टअप अपने एआई आधारित समाधानों और उनके वास्तविक इस्तेमाल का प्रस्तुतीकरण करेंगे। सम्मेलन में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इच्छुक प्रतिभागी www.coe-iot.com/ InnoScale2026 पर कार्यक्रम की जानकारी लेकर पंजीकरण कर सकते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X