रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मोहाली

Mohali News:दिन में गर्मी, रात में ठंड बढ़ा रही बीमारियां, ढकोली स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना पहुंच रहे 300 से अधिक मरीज – Hot Days And Cold Nights Are Fueling An Increase In Illnesses; More Than 300 Patients Are Visiting The Dhakoli Health Centre Daily

November 24, 2026


सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में हुई बढ़ोतरी

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह

संवाद न्यूज एजेंसी

जीरकपुर। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते लोगों की सेहत पर असर पड़ने लगा है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ रही है। सर्दी और गर्मी की इस आंख-मिचौली के बीच कपड़े पहनने और खान-पान में लापरवाही बरतने वाले लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इन दिनों सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश और बुखार जैसी शिकायतें आम हो गई हैं। कम्युनिटी स्वास्थ्य केंद्र ढकोली में भी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अस्पताल में प्रतिदिन 300 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार से पीड़ित लोगों की है। मौसम में बदलाव के कारण बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि तापमान में अचानक बदलाव उनके स्वास्थ्य को अधिक प्रभावित कर सकता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए कम्युनिटी स्वास्थ्य केंद्र ढकोली के सीनियर मेडिकल ऑफिसर (एसएमओ) डॉ. गगनदीप सिंह शेरगिल ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आने वाले सर्दी के मौसम को देखते हुए लोग पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें। विशेषकर सुबह और शाम के समय ठंड से बचाव करें। दिन में धूप निकलने पर भी हल्के कपड़ों में रहने की लापरवाही न बरतें। उन्होंने खान-पान में सुधार करने, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन लेने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दी। बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवा से बचाकर रखना चाहिए। घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें।

कोट

बुखार, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अन्य लक्षण होने पर स्वयं दवाइयां लेने की जगह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय जांच करवाएं। समय पर उपचार और थोड़ी सी सावधानी अपनाकर मौसमी बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। – डॉ. शेरगिल, एसएमओ

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X