रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मध्य प्रदेश:जबलपुर में जज के घर चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, चांदी की मूर्ति बरामद – Jabalpur Judge House Theft Two Accused Arrested Silver Shiva Idol Recovered
जबलपुर

मध्य प्रदेश:जबलपुर में जज के घर चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, चांदी की मूर्ति बरामद – Jabalpur Judge House Theft Two Accused Arrested Silver Shiva Idol Recovered

November 24, 2026


Jabalpur Judge House Theft Two Accused Arrested Silver Shiva Idol Recovered

प्रतीकात्मक तस्वीर

विस्तार

मध्य प्रदेश के जबलपुर में दिवाली की छुट्टियों के दौरान एक जज के सूने घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को खमरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी गई भगवान शिव की चांदी की मूर्ति, एक जोड़ी चांदी की पायल और एक जोड़ी चांदी की बिछिया बरामद कर ली है। इस वारदात में शामिल तीसरा आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

सूने मकान का तोड़ा ताला

प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित जज के सूने मकान में 10 नवंबर की रात चोरों ने धावा बोला था। जज दिवाली की छुट्टियां मनाने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। मकान को सूना देखकर तीन अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और भीतर दाखिल हो गए। आरोपियों ने घर में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर भगवान शिव की चांदी की मूर्ति तथा चांदी के आभूषण पार कर दिए। प्रियदर्शनी कॉलोनी निवासी मयंक पुरोहित ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।

सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सतीश साहू के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने पड़ताल शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने पनागर निवासी सुमित दहिया और गोहलपुर निवासी किशन कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दिवाली की रात जज के मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने चोरी गई भगवान शिव की चांदी की मूर्ति, चांदी की पायल और बिछिया बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार, इस चोरी में शामिल तीसरा आरोपी गोहलपुर निवासी गोपी उर्फ गुलफाम अभी फरार है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों और फरार चल रहे तीसरे आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद है। पुलिस अब शहर के सभी थानों से उनके पूर्व आपराधिक मामलों का ब्योरा जुटा रही है, जिसके आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X