शेषनाग झील पर मशीनें चलने से कैसे हिल सकता है अमरनाथ का इकोसिस्टम?
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित पवित्र शेषनाग झील महज एक पर्यटक स्थल नहीं है. ये अमरनाथ इलाके के हिमालयी इकोसिस्टम का एक बेहद अहम हिस्सा है. समुद्र तल से करीब 3,590 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह झील ग्लेशियरों और बर्फ के पिघलने से मिलने वाले पानी पर निर्भर करती है. लेकिन जैसे ही इस नदी के पास जेसीबी चलने और खुदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, पर्यावरणीय और धार्मिक चिंताओं पर अचानक विवाद खड़ा हो गया. इसपर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं. 24 नवंबर को पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को शेषनाग झील की ओर जाते समय पुलिस ने चंदनवाड़ी में रोक दिया है.
बीआरओ ने कहा, पर्यावरण सुरक्षित है
इस पूरे विवाद पर सीमा सड़क संगठन (BRO) का कहना है कि काम केवल मौजूदा ट्रैक को सुरक्षित और यात्रियों के लिए अधिक सुगम बनाने के लिए किया जा रहा है. BRO ने कहा कि काम सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के तहत किया जा रहा है. संगठन के मुताबिक, खुदाई से निकलने वाले मलबे का सुरक्षित निपटान, प्राकृतिक जल निकासी की सुरक्षा और आसपास की जमीन को कम से कम नुकसान पहुंचाने के उपाय किए जा रहे हैं.
राजनीति से इतर, बड़ा सवाल ये है कि आखिर अमरनाथ यात्रा मार्ग पर धार्मिक महत्व रखने वाली ये झील आखिर इस पूरे इलाके के इकोसिस्सटम के लिए क्यों इतनी जरूरी है? पर्यावरणविदों का कहना है कि अगर इस झील के पास भारी मशीनें चलाई जाती हैं, खुदाई होती है या निर्माण गतिविधियां बढ़ती हैं, तो इसका असर सिर्फ झील के पानी तक सीमित नहीं रहेगा. मिट्टी, जलीय जीवों, वनस्पतियों, पहाड़ी ढलानों और नीचे की ओर बहने वाले जलस्रोतों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है.
क्यों इतनी अहम है शेषनाग झील?
शेषनाग नदी का पानी मुख्य रूप से आसपास के ग्लेशियरों और बर्फ के पिघलने से आता है. करीब 3,590 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस झील के आसपास ऊंची पहाड़ियां, बर्फ, चट्टानें और ढीली मिट्टी मौजूद हैं. यहां की जमीन में मोरेन नाम के ढीले जमाव भी हैं, जो ग्लेशियरों के पीछे छोड़े गए पत्थरों, बजरी, रेत और मिट्टी के मिश्रण से बनते हैं. बाकी जगहों की तुलना में ऐसी सतह पर भारी मशीनों से खुदाई और कटाई करने पर मिट्टी और पत्थरों के खिसकने का खतरा ज्यादा होता है. साथ ही इस झील में नेचुरली ही न्यूट्रिएंट्स कम होते हैं. ऐसे जलाशयों का पारिस्थितिकी तंत्र बहुत नाजुक होता है और पानी की गुणवत्ता में बदलाव का असर जलीय जीवन पर पड़ सकता है.
कैसे बिगड़ेगा पूरा इकोसिस्टम?
– ऐसी खुदाई की वजह से बड़ी मात्रा में मिट्टी, रेत और छोटे पत्थर निकलते हैं. अगर ये मलबा झील के पास जमाह होगा तो बारिश, हवा और पानी के बहाव से यह झील में इकट्ठा हो सकता है. पानी में तलछट बढ़ जाएगी, पानी गंदा होगा. इससे पानी के कई शैवाल, छोटे जीवों पर असर पड़ेगा.
– इस कटाई या सड़क चौड़ी करने के का से झील तक पानी पहुंचने का रास्ता ब्लॉक होता है और इससे बहाव में बदलाव आ सकता है. इसका असर सिर्फ शेषनाग झील तक सीमित नहीं रहेगा. शेषनाग और आसपास के ग्लेशियरों का जलग्रहण क्षेत्र लिद्दर घाटी की नदियों और धाराओं से जुड़ा है.
– शेषनाग के आसपास की जमीन में ढीले पत्थर और मिट्टी मौजूद हैं. भारी मशीनों के वजन, खुदाई और जमीन को समतल करने से इनकी प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो सकती है.
– इससे ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) का जोखिम भी बढ़ जाता है. ऐसा तब हो सकता है जब झील के पानी को रोकने वाला प्राकृतिक बांध (अक्सर बर्फ, चट्टानों और मोरेन से बना) कमजोर हो जाए या टूट जाए. शेषनाग जम्मू-कश्मीर की उन 14 हिमनदीय झीलों में शामिल है, जिन्हें उच्च जोखिम वाली झीलों के रूप में चिह्नित किया गया है. इसलिए यहां किसी भी कंस्ट्रक्शन या काम से पहले ज्यादा सावधानी रखने की जरूरत है.
– शेषनाग के आसपास के इलाके में कई हिमालयी वन्यजीव जैसे भूरा भालू, आइबेक्स और हिम तेंदुआ रहते हैं. मशीनों का शोर, लगातार मानवीय गतिविधियां, सड़क निर्माण और प्राकृतिक आवास में बदलाव से इन जीवों की आवाजाही और भोजन तलाशने की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं. निर्माण के कारण उनके रहने और प्रजनन के लिए जरूरी शांत वातावरण भी बाधित हो सकता है.
