रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:सरयू तट पर आज भी जीवित है सदियों पुरानी लोक परंपरा, गोदना-सेमरिया मेले में आंचल पर होता है लौंडा नाच – Saran’s Godna-semariya Fair: Women Perform Traditional Launda Dance On Their Aanchal After Wishes Come True
सारण

बिहार:सरयू तट पर आज भी जीवित है सदियों पुरानी लोक परंपरा, गोदना-सेमरिया मेले में आंचल पर होता है लौंडा नाच – Saran’s Godna-semariya Fair: Women Perform Traditional Launda Dance On Their Aanchal After Wishes Come True

November 24, 2026


Saran's Godna-Semariya Fair: Women Perform Traditional Launda Dance on Their Aanchal After Wishes Come True

लौंडा नाच।

विस्तार

कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू नदी के तट पर लगने वाला गोदना-सेमरिया मेला आस्था और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम है। हर साल हजारों श्रद्धालु यहां सरयू नदी में स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इस मेले की पहचान केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां पीढ़ियों से चली आ रही एक खास परंपरा भी आकर्षण का केंद्र रहती है। मान्यता है कि मनोकामना पूरी होने पर महिलाएं अगले साल मेले में पहुंचकर अपने आंचल पर पारंपरिक लौंडा नाच कराती हैं।

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, गोदना-सेमरिया क्षेत्र का धार्मिक महत्व काफी पुराना है। इसे हनुमान जी का ननिहाल और महर्षि गौतम ऋषि की तपोभूमि भी माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। लोग सरयू मैया में स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

मन्नत पूरी होने पर अगले साल परिवार के साथ पहुंचती हैं महिलाएं

गोदना-सेमरिया मेले से जुड़ी मान्यता के मुताबिक, महिलाएं संतान प्राप्ति, बेटे-बेटियों के विवाह और परिवार की खुशहाली के लिए सरयू मैया से मन्नत मांगती हैं। मनोकामना पूरी होने पर वे अगले वर्ष अपने परिवार के सदस्यों के साथ दोबारा मेले में पहुंचती हैं। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के साथ घाट पर कोसी भरने की रस्म निभाई जाती है। इस दौरान लोकगीतों और भजनों के जरिए श्रद्धालु अपनी आस्था प्रकट करते हैं।

बड़ा हादसा: स्कॉर्पियो-ट्रक आमने-सामने टकराए, बिहार में सड़क हादसे में पांच की मौत; मासूम समेत चार गंभीर

आंचल पर लौंडा नाच कराना मेले की खास पहचान

इस मेले की सबसे अलग रस्म महिलाओं के आंचल पर लौंडा नाच कराने की है। पूजा के दौरान महिला अपना आंचल जमीन पर बिछाती है और उस पर पारंपरिक लौंडा नाच कराया जाता है। नृत्य के दौरान परिवार के सदस्य अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार कलाकारों को नकद राशि और आभूषण भेंट करते हैं। इस अनूठी रस्म को देखने के लिए मेले में मौजूद अन्य श्रद्धालु भी जुटते हैं।

पीढ़ियों से निभाई जा रही परंपरा

समय के साथ जीवनशैली में बदलाव आया है, लेकिन गोदना-सेमरिया मेले से जुड़ी यह परंपरा आज भी कायम है। पीढ़ियों से महिलाएं मन्नत पूरी होने पर इस धार्मिक रस्म को निभाती आ रही हैं। मेले में सरयू स्नान, पूजा-अर्चना, कोसी भरने की रस्म और पारंपरिक लोकनृत्य का मेल सारण की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है। यही वजह है कि गोदना-सेमरिया मेला धार्मिक आयोजन के साथ क्षेत्र की लोकपरंपराओं की पहचान भी बना हुआ है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X