रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:पार्किंग से लेकर सुरक्षा और सफाई व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश – Instructions Issued To Ensure Proper Arrangements For Parking, Security, And Cleanliness

November 24, 2026


सिद्धबली महोत्सव की तैयारियों को लेकर एसडीएम ने ली बैठक

चार दिसंबर से शुरू होगा तीन दिवसीय अनुष्ठान महोत्सव

संवाद न्यूज एजेंसी

कोटद्वार। सिद्धबली बाबा अनुष्ठान महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सिद्धबली मंदिर परिसर में एसडीएम संदीप कुमार ने अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चार दिसंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर सभी विभागों को व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि महोत्सव के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए डिग्री कॉलेज मार्ग, जल संस्थान कार्यालय, पुलिंडा मार्ग, ग्रास्टनगंज स्थित दशहरा मैदान और कार्बेट होटल के पास स्थान चिह्नित किए गए हैं। वाहन मॉडल मांटेसरी से गाड़ीघाट होते हुए ग्रास्टनगंज दशहरा मैदान तक पहुंच सकेंगे। एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को महोत्सव के दौरान आधुनिक सुविधाओं से लैस एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए। वहीं, मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने नगर निगम से चार मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराने और मेले के दौरान सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की। बताया गया कि शोभायात्रा में नगर निगम की ओर से स्वच्छता संबंधी झांकी निकाली जाएगी। साथ ही पर्यावरण मित्र सड़क पर गिरने वाले कचरे की तत्काल सफाई करेंगे। वन्यजीवों के खतरे को देखते हुए वन विभाग को मंदिर के आसपास गश्त बढ़ाने, ऊर्जा निगम को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और सड़क किनारे पड़े बिजली के पोल हटाने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान को शोभायात्रा और मेले के दौरान पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने को कहा गया।

बैठक में महंत दिलीप रावत, मंदिर समिति अध्यक्ष डॉ. जेपी ध्यानी, सेवकराम मानूजा, विवेक अग्रवाल, ऋषभ भंडारी, दीपू पोखरियाल, जितेंद्र कैंथोला, अनुष्ठान महोत्सव के सचिव राजेश रावत, ऊर्जा निगम के एसडीओ कमल सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X