Bareilly News:डिवाइडर से बाइक टकराने पर युवक की मौत, साथी घायल – Youth Dies After Bike Hits Divider; Companion Injured
जरीफनगर। थाना क्षेत्र में दहगवां चौराहे के पास राव फार्म हाउस के सामने रविवार रात दो युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पवन शर्मा (24) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक अभिषेक (26) की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब तीन बजे हुआ। मृतक की पहचान पवन (24) पुत्र इंद्रजीत निवासी गांव मुरसेना थाना हजरतपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल अभिषेक (26) पुत्र श्यामबाबू निवासी गांव खानपुर थाना तालग्राम जिला कन्नौज का रहने वाला है। दोनों युवक बाइक से दिल्ली से बदायूं लौट रहे थे।
दहगवां चौराहे के पास राव फार्म हाउस के सामने उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि रात में नींद की झपकी आने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। हादसे के समय दोनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं लगा रखा था। पुलिस ने पवन के शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने पर टीम ने पहुंचकर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है।
