Kaithal News:सुधार उत्सव के जरिये विद्यार्थियों को दी विकासात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सीख – Through The ‘sudhar Utsav’ (improvement Festival), Students Were Encouraged To Engage In Developmental Activities
राजौंद। राजकीय महाविद्यालय राजौंद में सोमवार को ‘सुधार उत्सव-2026’ के तहत सात दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिन उद्घाटन एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
इसमें विद्यार्थियों को उत्सव के उद्देश्य, महत्व तथा आगामी छह दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अर्थशास्त्र के प्राध्यापक सुरेश कुमार ने विद्यार्थियों को सात दिवसीय उत्सव की रूपरेखा से अवगत करवाया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने विद्यार्थियों से उत्सव के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के सह प्राचार्य एवं अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक जगमाल सिंह तथा इतिहास विभाग की प्राध्यापिका एवं उत्सव की संयोजिका स्नेहलता उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
