Kangra News:बिंद्रावन में नशे पर निगरानी के लिए बनेगी एसआईटी, पालमपुर में हर वार्ड को मिलेंगे पांच लाख – Sit To Be Formed To Monitor Drug-related Issues In Bindravan
नगर निगम पालमपुर के जनरल हाउस में शहर के विकास, सफाई और नशे पर अंकुश लगाने के लिए कई अहम फैसले
संवाद न्यूज एजेंसी
पालमपुर/धर्मशाला। नगर निगम पालमपुर के जनरल हाउस में शहर के विकास, सफाई और नशे पर अंकुश लगाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बिंद्रावन में नशे के कारोबार पर निगरानी के लिए एसआईटी गठित होगी, जबकि हर वार्ड को विकास कार्यों के लिए पांच लाख रुपये मिलेंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बिंद्रावन क्षेत्र में नशे के कारोबार पर निगरानी और कार्रवाई के लिए पुलिस की मदद से एसआईटी गठित की जाएगी। यह टीम 24 घंटे क्षेत्र पर नजर रखेगी। इसके अलावा टांडा-धुग्गर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। स्कूलों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।
शहर की सफाई व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए घरों में डिजिटल डोर प्लेट लगाने का निर्णय लिया गया। इनमें लगे क्यूआर कोड से यह पता चल सकेगा कि किस घर से कूड़ा एकत्रित किया गया है। वहीं, कबाड़ का कारोबार करने वालों को कबाड़ ढककर रखना होगा, ताकि आग लगने जैसी घटनाओं को रोका जा सके। नगर निगम के जनरल हाउस में प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने का निर्णय लिया गया। हालांकि, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ बैठक के बाद प्रक्रिया तय की जाएगी।
बैठक महापौर राधा सूद की अध्यक्षता में हुई। इसमें पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में नगर निगम के सभी पार्षदों के अलावा आयुक्त नेत्रा मेती, अधिशासी अभियंता अभिनव सकलानी, अनुभाग अधिकारी अमित कटोच, योजना अधिकारी प्रतीक सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
दो मुद्रिका बसें चलाएगा नगर निगम
शहर में सार्वजनिक परिवहन सुविधा बढ़ाने के लिए नगर निगम दो मुद्रिका बसें चलाएगा। इनके रूट निर्धारित करने के लिए एचआरटीसी के साथ चर्चा की जाएगी। बसें वार्डों के सीमांत क्षेत्रों में चलाई जाएंगी, जहां सार्वजनिक परिवहन सुविधा का अभाव है।
डिजिटल डोर प्लेट से होगी कूड़ा उठाने की निगरानी
शहर में कूड़ा उठाने की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक घर में डिजिटल डोर प्लेट लगाई जाएंगी। इनमें लगे क्यूआर कोड के माध्यम से पता चल सकेगा कि किस घर से कूड़ा उठाया गया है। हालांकि, डिजिटल डोर प्लेट लगाने का निर्णय सरकार की ओर से लिया गया है।
आईमा वार्ड में बायोगैस प्लांट से जुड़ेंगी आसपास की पंचायतें
आईमा वार्ड स्थित कूड़ा संयंत्र में जल्द बायोगैस प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस योजना से आसपास की पंचायतों को भी जोड़ा जाएगा। इसे चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने की योजना है।
न्यू बस स्टैंड से मुख्य बाजार तक बनेगा फुटपाथ
पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए न्यू बस स्टैंड से मुख्य बाजार तक फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा नए रेन शेल्टर भी बनाए जाएंगे। इनमें गंदगी रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
सभी 15 वार्डों में लगेंगी अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें
नगर निगम के सभी 15 वार्डों में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे चौक, गलियों और चौराहों पर रोशनी की व्यवस्था होगी। इसके लिए सभी पार्षदों को लाइटें लगाने के स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
