बिहार:भांजे की शादी की खुशियां मातम में बदलीं, लड़की देखने जा रहे मामा की सड़क हादसे में मौत – One Young Man Died In A Road Accident Another Injured Begusarai Bihar News
खुशियों की तैयारी के बीच एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भांजे की शादी के लिए लड़की देखने जा रहे मनोज कुमार दास को क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चिरंजीवीपुर कोल्ड स्टोर के समीप मंगलवार को कार और बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर में बाइक सवार मनोज कुमार दास (40) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार अविनाश कुमार (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक मनोज कुमार दास समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के रामनगर चांदचर निवासी रामजतन दास के पुत्र थे। वहीं, घायल अविनाश कुमार रणधीर दास के पुत्र बताए गए हैं।
परिजनों के अनुसार, मनोज कुमार दास अपने ग्रामीण अविनाश कुमार के साथ भांजे की शादी के लिए बछवाड़ा थाना क्षेत्र के भुथरी गांव में लड़की देखने जा रहे थे। इसी दौरान चिरंजीवीपुर कोल्ड स्टोर के समीप बछवाड़ा से दलसिंहसराय की ओर जा रही एक कार से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बछवाड़ा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मनोज कुमार दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अविनाश कुमार के पैर की हड्डी टूटने के साथ ही मुंह, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया गया।
सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं। परिजनों ने बताया कि मनोज कुमार दास चूड़ा मिल में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पांच बेटियां और दो बेटे हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी थी, जबकि चार बेटियों और दो बेटों की जिम्मेदारी अभी उनके कंधों पर थी। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ये भी पढ़ें- दीपों की जगमगाहट: मुजफ्फरपुर में 5,051 दीपों से जगमगाया मुक्तिधाम घाट, गंगा महाआरती के साथ मनी देव दीपावली
घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।
एक तरफ भांजे की शादी की खुशियां सजाने निकले परिवार के सदस्य को मौत ने हमेशा के लिए छीन लिया, तो दूसरी तरफ घायल अविनाश जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रोते बिलखते परिजन

रोते बिलखते परिजन

रोते बिलखते परिजन
