शिकारपुर। कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर सोमवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी चालक को कार सहित पकड़ लिया गया है।
नगर के मोहल्ला मूर्ति विहार निवासी सुरेश कुमार का 22 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र उर्फ सुंदर बुलंदशहर में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित की कोठी के सामने कैंटीन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार देर शाम वह रोज की तरह अपनी बाइक से बुलंदशहर से वापस घर लौट रहा थे। जैसे ही वह शिकारपुर में परशुराम चौक के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुरेंद्र सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की भाभी व नगर पालिका सभासद मधुबाला ने बताया कि सुरेंद्र के तीन बच्चे हैं। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बाला देवी और पत्नी अनीता बेसुध हो गईं। घर में कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध में सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार को चालक समेत पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल, रिपोर्ट दर्ज
शिकारपुर। गांव कैलावन स्थित पेट्रोल पंप के सामने एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का पिलखुवा के अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात एंबुलेंस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पुठरी कला निवासी सत्यपाल सिंह 15 नवंबर को अपनी पत्नी ममता देवी के साथ बाइक से पिलखुवा जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे गांव कैलावन स्थित पेट्रोल पंप के सामने शिकारपुर की ओर से आ रही एंबुलेंस ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सत्यपाल सिंह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पिलखुवा स्थित जीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के पुत्र दीपक कुमार ने 18 नवंबर को थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने एंबुलेंस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद