परसीपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार भोर में ट्रेन से उतरकर शौच के लिए जा रहे यात्री का मोबाइल एक युवक लेकर फरार हो गया। भदोही कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर कनेहरी निवासी गणेश शंकर दूबे दिल्ली से वाराणसी आने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से परसीपुर स्टेशन पर उतरे थे। बताया कि प्लेटफार्म पर मौजूद एक युवक से उन्होंने शौचालय जाने का रास्ता पूछा। आरोप है कि स्टेशन का शौचालय बदहाल होने की बात कहकर युवक उन्हें खेत की ओर ले जाने लगा। इसी दौरान वह यात्री का मोबाइल लेकर फरार हो गया। स्टेशन अधीक्षक वीएएस श्रीवास्तव ने बताया कि युवक के मोबाइल लेकर भागने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।