रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जालौन

Jalaun News:बिना निर्माण पोर्टल पर अपलोड कर दी सड़क की फोटो – Uploaded A Photo Of The Road To The Portal Without Any Construction Having Taken Place

November 24, 2026


उरई। सरकारी धनराशि आवंटित हुई, लेकिन विकास कार्य धरातल पर नहीं हुए। गोशाला, इंटरलॉकिंग सड़क और व्यायामशाला का निर्माण कागजों में दिखाया गया, जबकि मौके पर कुछ नहीं मिला। यहां तक कि सड़क बने बिना ही उसकी फोटो पोर्टल पर अपलोड कर दी गई।

ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग में सरकारी धन के दुरुपयोग का यह मामला संयुक्त जांच में उजागर हुआ है। जांच टीम को खर्च के अभिलेख भी नहीं मिले। मामले में तत्कालीन सचिव से संबंधित धनराशि की शत-प्रतिशत वसूली की संस्तुति की गई है।

ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) और लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता की संयुक्त टीम ने स्थलीय जांच की। इसमें गोशाला निर्माण के नाम पर काम शुरू होना दर्शाया गया, लेकिन मौके पर गोशाला नहीं मिली।

जांच में इस मद में एक भी रुपया खर्च नहीं पाया गया, जबकि एम-सिप्स पोर्टल पर निर्माण का विवरण दर्ज था। इसके लिए तीन बार धनराशि का आवंटन हुआ, पर इसका व्यय नहीं दिखाया गया।

इसी तरह रामशरण कुशवाहा के मकान से खचोरे कुशवाहा के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क के लिए धनराशि आवंटित हुई, लेकिन निर्माण नहीं कराया गया। इसके बावजूद पोर्टल पर सड़क की फोटो अपलोड कर दी गई। व्यायामशाला के लिए आवंटित एक लाख रुपये का भी मौके पर कोई काम नहीं मिला।

—–

खेल मैदान के खर्च का भी नहीं मिला हिसाब

खेल मैदान के समतलीकरण के नाम पर 8500 और पांच हजार रुपये का व्यय दर्शाया गया था, लेकिन जांच में काम नहीं मिला। टीम ने मस्टररोल, बिल-बाउचर और अन्य वित्तीय अभिलेख मांगे, लेकिन तत्कालीन सचिव उन्हें उपलब्ध नहीं करा सके। इस पर जांच टीम ने तत्कालीन सचिव से धनराशि की वसूली की संस्तुति की है।

आरटीआई कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी गजेंद्र सिंह सेंगर ने सूचना के अधिकार के तहत कार्यों का ब्योरा मांगा था। सूचना नहीं मिलने पर प्रथम अपील की गई, जिसके बाद मामला जांच तक पहुंचा। एसडीएम राकेश सोनी का कहना है कि मामले की जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X