Chitrakoot News:कार्तिक पूर्णिमा पर मंदाकिनी में लगाई डुबकी, कामदगिरि की परिक्रमा की – Took A Dip In The Mandakini On Kartik Purnima And Performed The Circumambulation (parikrama) Of Kamadgiri
चित्रकूट। कार्तिक पूर्णिमा पर धर्मनगरी चित्रकूट आस्था के रंग में रंगी नजर आई। अलसुबह से ही रामघाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में आस्था की डुबकी लगाई, सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और पुरोहितों को दान-दक्षिणा देकर पुण्य अर्जित किया।
स्नान के बाद श्रद्धालु भगवान मत्तगजेंद्रनाथ और कामतानाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिरों और मठों में देवी-देवताओं का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद कामदगिरि की परिक्रमा में भक्त तल्लीन दिखे। परिक्रमा मार्ग भजन-कीर्तन और सीताराम के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने रामघाट के हनुमान मंदिर, हनुमान धारा, सती अनसूया आश्रम, जानकीकुंड और भरतकूप में भी दर्शन किए।
हमीरपुर से आए रामकरन राजपूत, सतना से आए राहुल पाठक और प्रयागराज से आए सतीश तिवारी ने बताया कि वे हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर चित्रकूट आते हैं। यहां स्नान और पूजा से मन को शांति और परिवार के कल्याण की अनुभूति होती है। कामदगिरि परिक्रमा मार्ग स्थित धर्मशाले में भंडारे का आयोजन हुआ। आयोजन में उमेश नारायण, राजकुमार याज्ञिक, अरुण कुमार, मनोज कुमार और रामआसरे ने व्यवस्था संभाली।
लाइना बाबा में गूंजे बजरंगी के जयकारे
शिवरामपुर। पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिवरामपुर स्थित लाइना बाबा सरकार धाम श्रीहनुमान जी मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। सुबह से ही आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचे और श्रीहनुमान जी को प्रसाद चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने दरबार में माथा टेककर मनोकामनाएं मांगीं। महंत श्री भाइयन महाराज जी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और सभी के सुख-समृद्धि व चहुंमुखी विकास की कामना की।
जय बजरंगबली के जयकारों से गूंजा राजापुर
चित्रकूट। गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर में मंगलवार को अगहन मेले का भव्य आगाज हो गया। पहले दिन ही यहां आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
श्रद्धालुओं ने पहले यमुना में आस्था की डुबकी लगाई फिर संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचकर माथा टेका। किसी ने प्रसाद चढ़ाया तो किसी ने मन्नत का धागा बांधा। पूरा मंदिर परिसर जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। मेले में लगी दुकानों पर महिलाओं और बच्चों ने खरीदारी की। बच्चे झूलों का आनंद लेते नजर आए। वहीं पहले दिन ही रास्तों पर भीड़ और जाम के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी। मेले में मंगलवार और शनिवार को सबसे अधिक भीड़ उमड़ने का अनुमान है। इस दौरान मंदिर के पुजारी सूर्य प्रकाश त्रिपाठी, लखन लाल त्रिपाठी सहित अन्य लोग व्यवस्था संभालते नजर आए।

फोटो 24 सीकेटीपी 11 रामघाट पर मंदाकिनी में स्नान करते श्रद्धालु। संवाद

फोटो 24 सीकेटीपी 11 रामघाट पर मंदाकिनी में स्नान करते श्रद्धालु। संवाद

फोटो 24 सीकेटीपी 11 रामघाट पर मंदाकिनी में स्नान करते श्रद्धालु। संवाद

फोटो 24 सीकेटीपी 11 रामघाट पर मंदाकिनी में स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
