रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
‘बदनीयती से नाबालिग का हाथ पकड़ना यौन हमला’:मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बरकरार रखी सजा, आरोपी की अपील खारिज हुई – Holding A Minor Hand With Malicious Intent Constitutes Assault Madhya Pradesh High Court Upholds Conviction
जबलपुर

‘बदनीयती से नाबालिग का हाथ पकड़ना यौन हमला’:मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बरकरार रखी सजा, आरोपी की अपील खारिज हुई – Holding A Minor Hand With Malicious Intent Constitutes Assault Madhya Pradesh High Court Upholds Conviction

November 24, 2026


Holding a minor hand with malicious intent constitutes assault Madhya Pradesh High Court upholds conviction

जबलपुर हाईकोर्ट
– फोटो : Social Media

विस्तार

बदनीयती यानी यौन मंशा से नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन हमला माना जाएगा। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने महत्वपूर्ण निर्णय में स्पष्ट किया है कि यदि परिस्थितियों से यौन नीयत सिद्ध होती है, तो शारीरिक संपर्क का ऐसा कृत्य अधिनियम की धारा 7 के दायरे में आता है। न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की पीठ ने आरोपी की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें उसने विशेष न्यायाधीश द्वारा पॉक्सो कानून की धारा 7 और 8 के अंतर्गत सुनाई गई सजा को चुनौती दी थी। अदालत ने मामले के साक्ष्यों का पुनरीक्षण करने के बाद विशेष न्यायालय के आदेश को सही ठहराया और आरोपी की सजा को बरकरार रखा।

पढ़ें: गन्ने के दाम को लेकर किसानों का डेरा, 600 रुपये भाव और 50 रुपये बोनस की मांग; सरकार के फैसले का इंतजार

घर में अकेला पाकर पकड़ा हाथ

घटनाक्रम के अनुसार, 23 सितंबर, 2020 को पीड़ित नाबालिग के घर पर आरोपी यूसुफ मिस्त्री का काम कर रहा था। उस समय लड़की के माता-पिता और उसकी बड़ी बहन घर पर मौजूद नहीं थे। आरोपी ने पीड़िता को अकेली देखकर यौन मंशा से उसका हाथ पकड़ लिया। लड़की के कड़ा विरोध करने के बावजूद आरोपी ने हाथ नहीं छोड़ा। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर गैलरी में गई और दरवाजा बंद कर अपनी सुरक्षा की। आरोपी ने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी भी दी। बाद में लड़की ने अपने माता-पिता को घटना की पूरी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने रावजी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता के बयान को बताया भरोसेमंद

उच्च न्यायालय ने सुनवाई के दौरान पाया कि पीड़िता की उम्र आधिकारिक दस्तावेज से साबित थी और अदालत में उसकी गवाही महत्वपूर्ण तथ्यों पर लगातार एक जैसी रही। पीठ ने कहा कि पुलिस को दिए बयान और अदालत में दिए बयान के बीच मामूली अंतर या मां और बच्ची के बयान में छोटे-मोटे अंतर स्वाभाविक हैं और इससे अभियोजन के मूल मामले पर कोई असर नहीं पड़ता है। उच्च न्यायालय ने यह भी रेखांकित किया कि यौन अपराध के मामलों में पीड़िता की विश्वसनीय गवाही ही दोषसिद्धि के लिए पर्याप्त हो सकती है और हर मामले में स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक नहीं होती है।

उच्च न्यायालय ने खारिज की दलील

सुनवाई के दौरान आरोपी ने दलील दी कि केवल हाथ पकड़ने के आरोप के आधार पर विचारण अदालत ने गलत निष्कर्ष निकाला है और यह दोषसिद्धि कानून व तथ्यों के अनुरूप नहीं है। हालांकि, उच्च न्यायालय ने परिस्थितियों और साक्ष्यों को देखते हुए अपील में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाया। उच्च न्यायालय ने विशेष न्यायाधीश के फैसले को बरकरार रखते हुए आरोपी की अपील को खारिज कर दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X