2900 Year old Tressure Found: 3800 फीट ऊंचे पहाड़ पर चल रही थी खुदाई, तभी आई टनटन की आवाज और निकल आया 2900 साल पुराना खजाना
समुद्र के बीच स्थित एक द्वीप और उस द्वीप पर मौजूद 3800 फीट ऊंचा एक पहाड़… पुरातत्वविदों की टीम यहां वर्षों से खुदाई कर रही थी, तभी एक दिन अचानक उन्हें टनटन की आवाज सुनाई दी. इसके बाद उनके सामने एक ऐसा रहस्य उजागर है, जो 2900 सालों से इसी पहाड़ के अंदर दफ्न था. इस खोज ने इतिहासकारों की भी दिलचस्पी बढ़ा दी है. यहां खुदाई में बड़ी संख्या में प्राचीन मिट्टी के बर्तन, भेड़-बकरियों की हड्डियां और धार्मिक अनुष्ठानों के संकेत मिले हैं, जिसे इतिहासकारों के लिए बड़ा खजाना माना जा रहा है. माना जा रहा है कि प्राचीन यूनानी लोग यहां पूजा-पाठ के साथ सामूहिक भोज भी किया करते थे. हैरानी की बात यह है कि इस जगह पर न तो कोई भव्य मंदिर था और न ही कोई बड़ी इमारत. इसके बावजूद सदियों तक लोग मुश्किल पहाड़ी रास्तों को पार करके यहां पहुंचते रहे. यही बात पुरातत्वविदों और इतिहासकारों को हैरान कर रही है.
यह खोज भूमध्यसागर में स्थित यूबोइया द्वीप पर हुई है, जो ग्रीस की राजधानी एथेंस से करीब 50 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है. स्विस स्कूल ऑफ आर्कियोलॉजी इन ग्रीस की टीम ने माउंट ओलिंपस के एलाटियास शिखर के पास खुदाई की. शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह धार्मिक स्थल कम से कम नौवीं शताब्दी ईसा पूर्व से इस्तेमाल हो रहा था. इसके प्रमाण पहली या दूसरी शताब्दी ईस्वी तक मिलते हैं. यानी प्राचीन यूनानी और रोमन काल के दौरान भी इस जगह का धार्मिक महत्व बना रहा.
न मंदिर मिला, न कोई इमारत, फिर क्यों आते थे लोग?
इस खोज की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां किसी मंदिर या पूजा स्थल जैसी बड़ी संरचना के अवशेष नहीं मिले हैं. आमतौर पर प्राचीन धार्मिक स्थलों की पहचान मंदिरों, वेदियों या दूसरी इमारतों से होती है, लेकिन इस पहाड़ी स्थल पर तस्वीर कुछ अलग है. पुरातत्वविदों को यहां मिट्टी के बर्तनों के असाधारण रूप से ज्यादा टुकड़े मिले हैं.
लाइवसाइंस वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, पहाड़ पर इस खुदाई का नेतृत्व करने वाली पुरातत्वविद क्लोई शेजो ने बताया कि उनकी टीम को इस स्थल के शुरुआती संकेत 2025 में किए गए एक सर्वे के दौरान मिले थे. इसके बाद यहां खुदाई की गई, जिसके बाद उन्होंने यह प्राचीन खजाना मिला है. यहां बर्तनों के सबसे पुराने अवशेष कम से कम नौवीं शताब्दी ईसा पूर्व के हैं. यह प्राचीन यूनान के जियोमेट्रिक काल का दौर था, जिसे उस समय के मिट्टी के बर्तनों पर बने खास ज्यामितीय डिजाइनों के कारण यह नाम दिया गया है.
शोधकर्ताओं का मानना है कि लोग कई सदियों तक इस पहाड़ी की चोटी पर आते रहे. संभव है कि यह परंपरा एक हजार साल से भी ज्यादा समय तक चली हो.
2100 फीट की चढ़ाई पार कर पहुंचते थे श्रद्धालु
यह धार्मिक स्थल किसी आसान रास्ते पर नहीं था. आज भी यहां पहुंचना काफी चुनौतीपूर्ण है. पुरातत्वविदों के मुताबिक, पहाड़ के नजदीकी दर्रे से अंतिम चढ़ाई में करीब 3 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है और इस दौरान लगभग 650 मीटर यानी 2,130 फीट की ऊंचाई तय करनी होती है.
अब शोधकर्ताओं को यह रास्ता तय करने में करीब एक घंटा लगता है. हालांकि, प्राचीन समय में लोग कितनी देर में यहां पहुंचते होंगे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. उस दौर में रास्ते और यात्रा के साधन अलग थे. यह भी जरूरी नहीं कि यहां आने वाले सभी लोग पास के शहर एरेट्रिया से ही आते हों.
यही बात वैज्ञानिकों के लिए सबसे बड़ा सवाल है. आखिर लोग इतनी मुश्किल चढ़ाई करके इस सुनसान पहाड़ी चोटी पर क्यों पहुंचते थे? शोधकर्ताओं का मानना है कि पहाड़ की धार्मिक और प्राकृतिक अहमियत ने लोगों को यहां आने के लिए प्रेरित किया होगा.
क्या देवी आर्टेमिस की होती थी पूजा?
प्राचीन यूनानी मान्यताओं में ऊंचे पहाड़ों को देवताओं से जोड़कर देखा जाता था. ग्रीक पौराणिक कथाओं के मुताबिक, देवताओं का निवास एक दूसरे माउंट ओलिंपस की चोटी पर था. यह मुख्य भूमि ग्रीस में थेसाली और मैसेडोनिया के बीच स्थित है और इसकी ऊंचाई 9,500 फीट से ज्यादा है.
हालांकि, यूबोइया द्वीप का माउंट ओलिंपस इससे अलग है. ग्रीस में ओलिंपस नाम के कई पहाड़ हैं. शोधकर्ताओं के मुताबिक, यूबोइया के इस पहाड़ की ऊंचाई और आसपास के इलाके पर इसकी प्रमुख स्थिति ने इसे धार्मिक स्थल के रूप में चुने जाने में भूमिका निभाई होगी.
अब तक खुदाई में कोई वेदी नहीं मिली है, जिससे यह पता चल सके कि यहां किस देवता की पूजा होती थी. हालांकि, पास के प्राचीन शहर एरेट्रिया में मिले एक शिलालेख में ‘आर्टेमिस ओलंपिया’ का जिक्र मिलता है. आर्टेमिस को प्राचीन यूनानी मान्यताओं में जंगल और प्रकृति की देवी माना जाता था. इसी आधार पर शोधकर्ता संभावना जता रहे हैं कि पहाड़ की चोटी पर बने इस धार्मिक स्थल पर उनकी पूजा होती रही होगी.
