Sirmour News:रिश्वत के आरोपी आरओ को अदालत से जमानत – Ro Accused Of Bribery Granted Bail By Court
रेत ले जाने पर दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी का आरोप, 10 हजार रुपये मांगी थी रिश्वत
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। यमुना नदी से रेत ले जाने पर दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार वन विभाग के भगानी क्षेत्र के रेंज ऑफिसर (आरओ) सुमंत को अदालत से जमानत मिल गई है। विजिलेंस ने तीन नवंबर को पांवटा साहिब में कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया था।
एसपी विजिलेंस एनके शर्मा ने बताया कि आरोपी को अदालत से जमानत मिल गई है। मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि भगानी निवासी इकराम ने विजिलेंस नाहन में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वन विभाग में तैनात आरओ सुमंत ने उसके साढ़ू जुल्फान को यमुना नदी से रेत ले जाने पर दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी दी थी। इस कार्रवाई से बचाने के बदले आरोपी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद डीएसपी रमाकांत के पर्यवेक्षण में विजिलेंस टीम ने पांवटा साहिब में जाल बिछाया। इस दौरान आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
