जिले के मुंडावर कस्बे के मुख्य बाजार में निराश्रित पशुओं का आतंक अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। सोमवार शाम करीब 7 बजे दो सांडों की लड़ाई ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि बाजार में भगदड़ मच गई। आपस में भिड़ते हुए सांडों के पीछे पशुओं का पूरा झुंड दौड़ता हुआ एक मोबाइल दुकान में घुस गया। दुकान के अंदर मौजूद दो युवकों ने काउंटर के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। करीब पांच मिनट तक पशु दुकान में उत्पात मचाते रहे और सामान को नुकसान पहुंचाते रहे। बाहर खड़े लोग तमाशबीन बने रहे। बाद में स्थानीय युवकों ने लाठी-डंडों की मदद से पशुओं को बाहर खदेड़ा।
घटना के बाद व्यापारियों में नगरपालिका और प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। व्यापारियों का कहना है कि आवारा पशुओं की समस्या को लेकर कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन ही मिले हैं। बाजार में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खरीदारी के लिए आते हैं। ऐसे में सांडों के झुंड का खुलेआम दौड़ना किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है।
ये भी पढ़ें: उदयपुर: झूठा मुकदमा न बनाने के एवज में मांगे 2 लाख, थाने में मारपीट के आरोप में सीआई समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित
व्यापारियों के अनुसार पिछले एक महीने में ही आवारा पशुओं के कारण 4 से 5 बार लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, वहीं पिछले करीब दो महीनों में पांच लोग पशुओं की चपेट में आकर चोटिल हुए हैं। इनमें बाइक सवारों के गिरने और एक बुजुर्ग महिला को सांड की टक्कर लगने की घटनाएं भी शामिल हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आवारा पशुओं को बाजार से हटाने की ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो वे बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने बाजार, बस स्टैंड और स्कूलों के आसपास से निराश्रित पशुओं को तत्काल हटाने तथा नियमित और स्थायी पशु पकड़ो अभियान चलाने की मांग की है। अब सवाल यह है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या समय रहते इस समस्या का समाधान करेगा?