Shamli News:कारोबार के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, बंगलूरू का आरोपी गिरफ्तार – Fraud Worth Crores In The Name Of Business; Accused From Bengaluru Arrested
शामली/गढ़ीपुख्ता। कपड़े के कारोबार के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और लूट करने के मामले में गढ़ीपुख्ता पुलिस ने बंगलूरू निवासी अशोक सुमेर गुलेचा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बंगलूरू से ही पकड़ा गया है। उसके खिलाफ कैराना कोर्ट से वारंट जारी हुए थे।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी लगातार पेशी पर अदालत में उपस्थित नहीं हो रहा था। बंगलूरू पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी थी। दो दिन पहले बंगलूरू के पुलिस महानिरीक्षक ने भी धोखाधड़ी के इस मामले की जानकारी दी थी। आरोपी को पकड़ने के लिए बंगलूरू पुलिस ने दबिश दी थी। हालांकि, उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद बंगलूरू पुलिस के कर्मचारी पुलिस अधीक्षक से मिले थे। मामले की जानकारी मिलने पर गढ़ीपुख्ता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी अशोक सुमेर गुलेचा को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है। उसके खिलाफ कपड़े के कारोबार में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और लूट का मामला दर्ज है। कैराना कोर्ट से जारी वारंट के बावजूद वह पेश नहीं हो रहा था। पुलिस इस मामले से जुड़ी अन्य जानकारी भी जुटा रही है।
