Shravasti News:सड़क किनारे खड़े ग्रामीण से टकराई बुलेट, मौत – Bullet Motorcycle Hits Villager Standing By The Roadside; Person Dies
इकौना। नवीन मॉडर्न क्षेत्र के भटपुरवाकला गांव में बौद्ध परिपथ पर सोमवार रात तेज रफ्तार बुलेट सवार सड़क किनारे खड़े ग्रामीण से टकरा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भटपुरवाकला निवासी मंगरे चौहान (52) सोमवार की रात सड़क किनारे खड़े थे। इस दौरान बलरामपुर की ओर से परशुरामपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार बुलेट सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से मंगरे सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें सीएचसी इकौना पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि मंगरे चौहान अपने पीछे चार बेटों सुनील, अनिल, प्रियांशु और जितेंद्र व दो बेटियों रेशमा और अंजनी को छोड़ गए हैं। मंगरे की मौत से बच्चे रो-रो कर बेहाल हैं। सीओ भरत पासवान ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
