रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बरेली

Bareilly News:यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी तक – Up Board Practical Examinations To Be Held From January 11 To 19

November 25, 2026


बरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार, प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में मंडलवार जनपदों में होंगी, जिसका पहला चरण 11 से 19 जनवरी तक निर्धारित है।

डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। इनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी ताकि मांगे जाने पर उपलब्ध कराई जा सके। हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर होंगी।

हाईस्कूल विज्ञान और गृह विज्ञान में बोर्ड की ओर से 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा ली जाएगी। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होने के लिए अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा। विद्यालय स्तर पर प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में होंगी। कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2027 के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी।

आंतरिक मूल्यांकन के प्राप्तांक ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे

हाईस्कूल के विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर अन्य विषयों के आंतरिक मूल्यांकन के प्राप्तांक ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक भी प्रधानाचार्यों के माध्यम से परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड होंगे। कक्षा नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी 2027 के द्वितीय और तृतीय सप्ताह में प्रधानाचार्यों द्वारा आयोजित की जाएंगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X