भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के एक वीडियो को लेकर मध्यप्रदेश में सियासत गरमा गई है। भाजपा ने कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा पर वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को भाजपा का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के नेतृत्व में भोपाल के साइबर क्राइम थाने पहुंचा और मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पार्टी ने पीसी शर्मा के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। भाजपा की शिकायत के मुताबिक, नितिन नवीन के मूल संबोधन के वीडियो में कथित तौर पर बदलाव कर उसमें ऐसे बयान जोड़ दिए गए, जिससे उनके वक्तव्य का अर्थ बदल गया। पार्टी का आरोप है कि इस वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर लोगों को गुमराह करने और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि खराब करने की कोशिश की गई। शिकायत के साथ भाजपा ने मूल वीडियो भी पुलिस को सौंपा है, ताकि दोनों वीडियो का मिलान कर सच्चाई की जांच की जा सके।
ये भी पढ़ें- एमपी भाजपा का मिशन 2028: 230 सीटों पर उतरेंगी सेवा-दूतों की फोज, बनेगा हर विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में कहा है कि वीडियो के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाने से आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। पार्टी ने पीसी शर्मा के साथ ही इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। शिकायत में आईटी एक्ट की धारा 66C, 66D, 67 और 67A के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: पिता 25 साल ट्रेन में सफर करते रहे, बेटा एसपी-बेटी आईएएस बनीं, अब बेटी की आईएएस से शादी
इन नेताओं ने की शिकायत
शिकायत सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के अलावा कानूनी एवं विधिक कार्य विभाग के प्रदेश संयोजक सतीश शर्मा, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अशोक विश्वकर्मा, जिला महामंत्री चेतन भार्गव, प्रदीप शेखावत और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार शामिल थे। फिलहाल यह मामला भाजपा की ओर से लगाए गए आरोपों और पुलिस को दी गई शिकायत पर आधारित है। वीडियो की प्रमाणिकता और उसमें कथित छेड़छाड़ की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।