Charkhi Dadri News:मोनो एक्टिंग से महिला सुरक्षा, बाल मजदूरी के प्रति किया जागरूक – Raised Awareness About Women’s Safety And Child Labor Through A Mono-act Performance
चरखी दादरी। वैश्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एनसीसी दिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम हरियाणा कन्या वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमित मैथ्यू के दिशा-निर्देशन और एएनओ जयश्री चाहर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कैडेट्स ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कैडेट दीक्षा ने मोनो एक्टिंग के माध्यम से महिला सुरक्षा, बाल मजदूरी और प्रदूषण जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कैडेट शशि और भूमिका ने एकल गायन में शानदार प्रदर्शन किया, जबकि कैडेट मानवी का एकल हरियाणवी नृत्य मनमोहक रहा।
इसके अतिरिक्त कैडेट्स के लिए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें टीम बी की कैडेट ईशु और सानवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिला।
विद्यालय चेयरमैन मोती लाल बिंदल, मैनेजर विनोद गुप्ता और प्राचार्या ऋतु शर्मा ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कैडेट्स को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और बधाई दी।
